कोरबा। सोशल मीडिया पर रील बनाने का चलन अब सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों तक पहुंच गया है। कोरबा में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने कोतवाली थाना परिसर में रील शूट कर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद थाना परिसर की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, महिला ने कोतवाली थाना के मुख्य प्रवेश द्वार और ‘संवेदना कक्ष’ के आसपास वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में फिल्मी अंदाज में एक गाने पर महिला को अलग-अलग अंदाज में कैमरे के सामने देखा जा सकता है। वीडियो में ‘आज जेल होई… कल बेल होई…’ जैसे बोल भी सुनाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि संबंधित वीडियो इंस्टाग्राम पर एक सोशल मीडिया अकाउंट से 11 सितंबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच लगातार अपलोड किए गए। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
थाना परिसर आम लोगों की शिकायतों, पुलिस कार्रवाई और कानून-व्यवस्था से जुड़े संवेदनशील कामों का स्थान होता है। ऐसे में वहां बिना रोक-टोक वीडियो शूट किए जाने की घटना ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
हालांकि, वीडियो बनाने की अनुमति किस स्तर से मिली थी या महिला ने बिना अनुमति के थाना परिसर में शूटिंग की, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने कोरबा कोतवाली की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।








