बिलासपुर। पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलना भी तीन फरार आरोपियों के काम नहीं आया। हत्या के प्रयास और बलवा के पांच साल पुराने मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को मल्हार पुलिस ने सिरगिट्टी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के साथ ही आरोपियों के खिलाफ लंबित चार स्थायी गिरफ्तारी वारंटों की भी तामीली की गई है।

2021 में हुई थी जानलेवा मारपीट की घटना

पूरा मामला 9 मार्च 2021 को ग्राम बिनेका में हुई मारपीट और बलवा की घटना से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, ओमप्रकाश कुर्रे, उसके बेटे लव कुर्रे और राजेश कुर्रे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामेश्वर कोसले एवं अन्य लोगों पर जानलेवा हमला किया था। इस घटना में कई लोगों को गंभीर चोटें आई थीं। मामले में थाना मस्तूरी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना के बाद से ही तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी में घेराबंदी

लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष प्रयास किए जा रहे थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह ने भी आरोपियों की पतासाजी के निर्देश दिए थे।

एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के नेतृत्व में मल्हार पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

चार पुराने स्थायी वारंट भी निकले

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश कुर्रे, उसके बेटे लव कुर्रे और राजेश कुर्रे के रूप में हुई है। तीनों ग्राम बिनेका के निवासी हैं।

पुलिस कार्रवाई के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 के अन्य मामलों में चार स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी लंबे समय से लंबित थे। पुलिस ने इन वारंटों की भी तामीली कर ली।

पांच साल पुराने मामले में गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को चौकी मल्हार लाया गया। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।