बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अंधविश्वास और कानून हाथ में लेने का एक मामला सामने आया है। श्मशान घाट के पास बैठकर शराब पी रहे एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने तंत्र-मंत्र करने वाला तांत्रिक समझ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। घटना में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
श्मशान घाट के पास साथियों के साथ पी रहा था शराब
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी कोनी स्थित श्मशान घाट के पास की है। बताया जा रहा है कि शिवकुमार साहू अपने कुछ साथियों के साथ श्मशान घाट के पास बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान कुछ समय पहले वहां एक महिला का अंतिम संस्कार भी किया गया था।
इसी बीच शिवकुमार की वेशभूषा देखकर कुछ स्थानीय ग्रामीणों को उसके तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने का संदेह हुआ। देखते ही देखते यह संदेह विवाद में बदल गया और ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
जड़ी-बूटियों से करता है लोगों का इलाज
बताया जा रहा है कि घायल शिवकुमार साहू जड़ी-बूटियों के माध्यम से लोगों का इलाज करने का काम करता है। हालांकि, उसके तांत्रिक होने या श्मशान घाट में किसी प्रकार की तंत्र साधना करने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मारपीट में घायल होने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद कोनी थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने राजा यादव, उमेश ठाकुर, रवि यादव सहित अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट एवं संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।








