बिलासपुर। कम समय में रकम दोगुनी करने का सपना दिखाकर ग्रामीणों की मेहनत की कमाई जमा कराने वाली चिटफंड कंपनी के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छह साल में निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच देकर करीब 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने कंपनी के चार डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है।
मामला प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2012-13 में ताराचंद पाटले ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंपनी का गठन किया था। इसके बाद आसपास के ग्रामीण इलाकों में लोगों को निवेश की गई रकम छह साल में दोगुनी करने का भरोसा दिलाया गया।
इस प्रलोभन में आकर सीपत निवासी तीरथ राम रात्रे और उनके परिचितों ने कंपनी में लगभग 24 लाख रुपये जमा कराए। लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी निवेशकों को उनकी रकम वापस नहीं मिली। आरोप है कि इसके बाद कंपनी बंद कर संचालक फरार हो गए।
शिकायत के बाद शुरू हुई पुलिस की जांच
लंबे समय तक अपनी जमा पूंजी वापस मिलने का इंतजार करने के बाद तीरथ राम रात्रे ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मोपका चौकी, थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1668/26 के तहत धारा 420, 34 आईपीसी और छत्तीसगढ़ के निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम की धारा 10 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने कंपनी से जुड़े लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है। कार्रवाई के दौरान कंपनी से संबंधित बॉन्ड पेपर, रसीद, पासबुक सहित अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
इन चार आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम हैं:
डेरहा प्रसाद (58 वर्ष), निवासी कुटी परम, मोपका।
ताराचंद पाटले (56 वर्ष), निवासी पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
बसंत यादव (70 वर्ष), निवासी खरौद, जिला जांजगीर-चांपा।
रतन लाल कुर्रे (55 वर्ष), निवासी पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई है।
जांच के दायरे में आ सकते हैं अन्य लोग
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अभी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है। ऐसे में जांच आगे बढ़ने के साथ कंपनी के नेटवर्क, निवेशकों की वास्तविक संख्या और कुल ठगी की रकम को लेकर और खुलासे होने की संभावना है।








