रायपुर। राजधानी रायपुर में एक रेस्टोरेंट में वेज खाना ऑर्डर करने के बाद उसमें चिकन के टुकड़े मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ शिक्षिकाएं रेस्टोरेंट प्रबंधन और कर्मचारियों पर नाराजगी जताते हुए जमकर फटकार लगाती नजर आ रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, घटना 15 अगस्त की बताई जा रही है। स्कूल कार्यक्रम के बाद कुछ शिक्षिकाएं मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के सेरीखेड़ी स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंची थीं। शिक्षिकाओं ने रेस्टोरेंट में वेज खाना ऑर्डर किया था। खाना परोसे जाने के बाद उन्हें भोजन में चिकन के टुकड़े दिखाई दिए, जिसके बाद उन्होंने रेस्टोरेंट प्रबंधन के सामने कड़ी आपत्ति जताई।

वेज खाने में चिकन मिलने पर भड़कीं शिक्षिकाएं

वायरल वीडियो में शिक्षिकाएं रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और प्रबंधन से सवाल-जवाब करती दिखाई दे रही हैं। उनका आरोप है कि उन्होंने स्पष्ट रूप से वेज खाना ऑर्डर किया था, इसके बावजूद परोसे गए भोजन में चिकन के टुकड़े मिले।

शिक्षिकाओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए नाराजगी जताई और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा होने की बात कही। घटना के दौरान रेस्टोरेंट में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

रेस्टोरेंट प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया

फिलहाल वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। हालांकि, खाने में चिकन के टुकड़े कैसे पहुंचे, इस संबंध में रेस्टोरेंट प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है। वहीं, पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले की वास्तविकता क्या है और भोजन में चिकन के टुकड़े किस परिस्थिति में पहुंचे, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।