रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग ने 13 अधिकारियों के स्थानांतरण और नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में बिलासपुर समेत प्रदेश के 7 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। साथ ही शिक्षा संभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

बिलासपुर जिले में जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी अब संदीप कुमार पांडे को दी गई है। वे इससे पहले करतला, कोरबा में विकासखंड स्तर पर पदस्थ थे। वहीं वर्तमान प्रभारी DEO रामेश्वर जायसवाल को जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा, जांजगीर-चांपा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी आदेश के तहत अश्वनी भारद्वाज को प्रभारी उप संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर बनाया गया है। उन्हें संयुक्त संचालक, बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं राजेश सिंह को प्रभारी उप संचालक, शिक्षा संभाग सरगुजा के साथ संयुक्त संचालक सरगुजा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

जांजगीर-चांपा में भी प्रशासनिक बदलाव किया गया है। यहां प्रभारी DEO ए.के. सिन्हा को प्रभारी DEO सूरजपुर की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मनोहर प्रताप सिंह को प्रभारी DEO जांजगीर-चांपा बनाया गया है।

शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 7 जिलों के DEO बदले; बिलासपुर को मिला नया जिला शिक्षा अधिकार — खबर से संबंधित तस्वीर 1

वहीं जगजीत धीर को सहायक संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर से स्थानांतरित कर प्रभारी DEO दुर्ग की जिम्मेदारी दी गई है। एल.पी. डहीरे, जो मुंगेली के DEO थे, उन्हें सहायक संचालक के रूप में संयुक्त संचालक, बिलासपुर संभाग के कार्यालय में पदस्थ किया गया है।

मुंगेली जिले में अब डॉ. मोहन लाल पटेल को प्रभारी DEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे इससे पहले बिलासपुर के राजेंद्र नगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ थे।

इसके अलावा उपेंद्र कुमार देवांगन को प्रभारी DEO खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, शिव कुमार गेंदले को प्रभारी DEO बलौदाबाजार-भाटापारा तथा पुरुषोत्तम लाल साहू को प्रभारी DEO मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।

शिक्षा विभाग में किए गए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। नए अधिकारियों की पदस्थापना के बाद संबंधित जिलों में शिक्षा विभाग के कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 7 जिलों के DEO बदले; बिलासपुर को मिला नया जिला शिक्षा अधिकार — खबर से संबंधित तस्वीर 2