बिलासपुर। स्कूलों की गुणवत्ता, अधोसंरचना और बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक बैठकों में लगातार मंथन चल रहा है, लेकिन बिलासपुर में जर्जर स्कूल भवनों की हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। एक ही दिन शहर के दो स्कूलों में छत और फॉल्स सीलिंग के हिस्से भरभराकर गिर पड़े। गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में किसी बच्चे की जान नहीं गई। लेकिन सवाल अब यह है कि आखिर प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है?
सत्यम चौक स्थित सेजेस डॉ. बी.आर. आंबेडकर उत्कृष्ट हिंदी-अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में तेज बारिश के बाद हालात बेहद खतरनाक हो गए। प्राचार्य कक्ष समेत करीब छह कमरों की फॉल्स सीलिंग अचानक गिर गई। घटना रात में हुई, इसलिए उस वक्त स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे। अगर यही हादसा दिन में कक्षाएं लगने के दौरान होता, तो कई बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
सबसे गंभीर बात यह है कि स्कूल भवन की जर्जर स्थिति और बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या की जानकारी पहले से शिक्षा विभाग तक पहुंचने की बात सामने आ रही है। इसके बावजूद समय रहते भवन की तकनीकी जांच और जरूरी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
घटना के बाद स्कूल प्राचार्य ने कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर 30 अगस्त तक अवकाश की अनुमति मांगी है। बताया गया है कि इस दौरान मरम्मत कार्य कराया जाएगा और 31 अगस्त से कक्षाएं फिर शुरू करने की तैयारी है।
लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या सिर्फ फॉल्स सीलिंग की मरम्मत से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो जाएगी? या फिर पूरे भवन की संरचनात्मक जांच कराकर यह तय किया जाएगा कि स्कूल भवन वास्तव में बच्चों के बैठने लायक सुरक्षित है या नहीं?
एक ही दिन दो स्कूलों में इस तरह की घटनाएं सामने आना महज संयोग नहीं माना जा सकता। यह स्कूल भवनों के रखरखाव, नियमित निरीक्षण और प्रशासनिक निगरानी की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
फाइलें सरकती रहीं, बैठकों में मंथन चलता रहा और स्कूलों की छतें भरभराकर गिरती रहीं। राहत की बात सिर्फ इतनी रही कि बच्चे बाल-बाल बच गए। लेकिन अगली बार भी किस्मत साथ देगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है।
अब जरूरत सिर्फ मरम्मत की नहीं, बल्कि शहर के सभी जर्जर स्कूल भवनों का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने और असुरक्षित पाए जाने वाले भवनों में बच्चों की कक्षाएं रोकने की है। क्योंकि बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही की कीमत किसी भी हालत में एक हादसे के बाद नहीं चुकाई जानी चाहिए।








