बिलासपुर। शहर में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई के बीच टिकरापारा के खटिक मोहल्ले में पुलिस की दबिश ने एक बार फिर अवैध शराब बिक्री के नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां देशी शराब के साथ बीयर और महंगे विदेशी ब्रांड की शराब का स्टॉक बरामद हुआ है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा स्थित खटिक मोहल्ले में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी और विदेशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान संतोष खटिक (55 वर्ष) के कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई।
बीयर, ब्लेंडर्स प्राइड और व्हिस्की... अलग-अलग ब्रांड का मिला स्टॉक
पुलिस द्वारा जब्त शराब में 40 बोतल सिम्बा बीयर, 24 पाव देशी प्लेन शराब, ब्लेंडर्स प्राइड के 6 पाव और अंग्रेजी व्हिस्की के 11 पाव शामिल हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 34.240 बल्क लीटर बताई गई है।
इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 1,600 रुपये की नकदी भी पुलिस ने जब्त की है।
आबकारी एक्ट में मामला दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी संतोष खटिक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई के बाद भी बड़ा सवाल
टिकरापारा में अलग-अलग ब्रांड की शराब का स्टॉक बरामद होना अवैध शराब बिक्री की गंभीरता को सामने लाता है। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट नहीं होता कि शराब की आपूर्ति कहां से हो रही थी और क्या इसके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क भी सक्रिय है।
शराब के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच महत्वपूर्ण होगी, ताकि अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचा जा सके।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में की गई।








