बिलासपुर। सर्पदंश मुआवजा घोटाले की जांच और लगातार हो रही गिरफ्तारियों का असर अब तहसील कार्यालय के कामकाज पर साफ दिखाई देने लगा है। जांच की आंच के बीच कर्मचारियों की कमी ऐसी बढ़ी कि कार्यालय की कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। हालात यह रहे कि पिछले करीब एक महीने से रिकॉर्ड रूम बंद पड़ा रहा और जरूरी दस्तावेजों के लिए आम लोगों तथा वकीलों को परेशानी उठानी पड़ी।
बताया जा रहा है कि युक्तियुक्तकरण के तहत पांच शिक्षक अपने मूल विभाग में वापस लौट गए हैं। वहीं, सर्पदंश मुआवजा प्रकरण में तीन लिपिकों के जेल जाने और कुछ कर्मचारियों के कार्यालय से नदारद रहने के बाद तहसील कार्यालय में कर्मचारियों की संख्या काफी कम हो गई। इसका सीधा असर नामांतरण, बटांकन, नक्शा-खसरा और बी-1 समेत अन्य राजस्व कार्यों पर पड़ा।
एक महीने से बंद था रिकॉर्ड रूम
कर्मचारियों की कमी के चलते रिकॉर्ड रूम का संचालन भी प्रभावित रहा। जमीन-जायदाद से जुड़े पुराने रिकॉर्ड और जरूरी दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां लेने पहुंच रहे नागरिकों और अधिवक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति को देखते हुए एसडीएम मनीष साहू ने कर्मचारियों की कमी का हवाला देते हुए कलेक्टर से अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की मांग की थी।
चार नए लिपिक मिलने से संभाली व्यवस्था
मामले में कलेक्टर के निर्देश के बाद तहसील कार्यालय को चार नए लिपिक उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं रिकॉर्ड रूम की जिम्मेदारी एक पटवारी को सौंपी गई है। इसके बाद रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था दोबारा शुरू करने की कवायद तेज हुई है।
नई व्यवस्था से जमीन संबंधी मामलों में जरूरी दस्तावेज प्राप्त करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, घोटाले की जांच के बीच कार्यालय में पैदा हुए प्रशासनिक संकट ने राजस्व व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

17 करोड़ से अधिक के फर्जीवाड़े की जांच
सर्पदंश मुआवजा राशि में 17 करोड़ रुपये से अधिक के कथित फर्जीवाड़े की जांच के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। प्रकरण में गिरफ्तारियां होने के बाद कर्मचारियों के बीच भी जांच को लेकर भय का माहौल बताया जा रहा है। जांच का दायरा बढ़ने की आशंका के बीच कुछ कर्मचारियों के कार्यालय से दूरी बनाने की चर्चा ने प्रशासनिक कामकाज को और प्रभावित किया।
हालांकि, प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों की कमी से कुछ समय के लिए काम प्रभावित हुआ था, लेकिन अब नई व्यवस्था के जरिए कामकाज को पटरी पर लाया जा रहा है।
एसडीएम मनीष साहू ने कहा कि कर्मचारियों की कमी और जांच के बाद उत्पन्न स्थिति से कामकाज कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था। कलेक्टर कार्यालय के निर्देश पर चार नए लिपिक मिल गए हैं और रिकॉर्ड रूम का प्रभार पटवारी को सौंप दिया गया है। व्यवस्था को सुचारू कर दिया गया है और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी








