बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में शनिवार को घोंघा नदी के एनीकट को पार करते समय तीन स्कूली बच्चे तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में तीनों की मौत हो गई। रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने लापता दोनों बच्चों के शव भी बरामद कर लिए। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान समडील निवासी अनमोल जायसवाल, सिद्धी जायसवाल और रिद्धी जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरे भाई-बहन थे और पास के गांव नवापारा स्थित डीपी विप्र स्कूल में पढ़ते थे। शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों अन्य बच्चों के साथ पैदल अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने के लिए उन्हें घोंघा नदी पर बने एनीकट को पार करना पड़ता था।
ग्रामीणों के मुताबिक एनीकट के ऊपर से पानी का बहाव सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज धार आ गई। इसी दौरान तीनों बच्चे पानी की चपेट में आकर बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
कई घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद रिद्धी जायसवाल का शव बरामद किया गया। वहीं अनमोल और सिद्धी की तलाश रात तक जारी रही। रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोनों के शव भी बरामद कर लिए। तीनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
रविवार को जब एक ही घर से तीन मासूमों की अर्थियां निकलीं तो समडील गांव का माहौल गमगीन हो गया। जिस आंगन में बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां मातम पसरा रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इस हादसे ने बरसात के दौरान नदी-नालों पर बने एनीकट और पुल-पुलियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर उन रास्तों पर जहां से स्कूली बच्चे रोजाना गुजरते हैं, वहां चेतावनी संकेत, सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।








