बिलासपुर। प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर में लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू की गई 'निदान 1100' हेल्पलाइन अब खुद सवालों के घेरे में है। सड़क, नाली, सफाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने के बाद भी कई मामलों में लोगों को समाधान के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब शिकायत दर्ज होने के बाद भी समस्या जस की तस रहे, तो आखिर 'निदान 1100' का निदान कब होगा?

शिकायत दर्ज, लेकिन समस्या बरकरार

शहर के अलग-अलग इलाकों से नागरिकों ने सड़क, नाली, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज कराई हैं। लोगों को उम्मीद रहती है कि शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग सक्रिय होगा और समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।

लेकिन नागरिकों का आरोप है कि कई मामलों में शिकायत दर्ज होने के बावजूद निर्धारित समय बीत जाने पर भी मौके पर स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं दिखता। कहीं सड़क की समस्या बनी हुई है तो कहीं नालियों की सफाई और गंदगी से लोग परेशान हैं।

शिकायत के बाद भी विभागों के चक्कर

सबसे बड़ी परेशानी उन नागरिकों की है, जिन्हें शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समाधान के लिए संबंधित विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर हर छोटी-बड़ी समस्या के लिए शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उसका समय पर निराकरण नहीं हो, तो हेल्पलाइन शुरू करने का उद्देश्य ही सवालों के घेरे में आ जाता है।

सिस्टम में शिकायत दर्ज होती है, जमीन पर समाधान कब?

निदान 1100 का मकसद नागरिकों को एक ऐसी व्यवस्था देना है, जहां वे घर बैठे अपनी समस्या दर्ज करा सकें और संबंधित विभाग तक शिकायत पहुंच सके। लेकिन अब नागरिकों की शिकायत है कि सिस्टम में शिकायत दर्ज होने और जमीन पर समाधान होने के बीच का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है।

लोगों का कहना है कि शिकायत नंबर मिल जाना समाधान नहीं है। असली सवाल यह है कि शिकायत के बाद जिम्मेदार विभाग मौके पर पहुंचता है या नहीं और समस्या वास्तव में दूर होती है या नहीं।

नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

शिकायतों के लंबित रहने और समाधान में देरी को लेकर नगर निगम की शिकायत निवारण व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। नागरिक जानना चाहते हैं कि शिकायतों की निगरानी किस स्तर पर होती है, तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर जिम्मेदारी किसकी तय की जाती है और लंबित शिकायतों का जवाबदेह अधिकारी कौन है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर निगम इन शिकायतों को महज आंकड़ों में दर्ज करता है या शिकायतों के वास्तविक समाधान की दिशा में भी ठोस कार्रवाई करता है।