बिलासपुर/रतनपुर। बारिश के बाद बदहाल हुई रतनपुर से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को जोड़ने वाली नेशनल हाईवे-45 पर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सड़क पर लगातार बन रहे गड्ढों, कीचड़ और दलदल की स्थिति को देखते हुए भारी और ट्रक वाहनों की आवाजाही दो दिनों के लिए प्रतिबंधित कर दी गई है। इस दौरान सड़क की तत्काल मरम्मत का काम कराया जा रहा है।

बारिश और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण निर्माणाधीन सड़क की हालत बेहद खराब हो गई थी। स्थिति यह थी कि सामान्य दिनों में 2 से 3 घंटे में पूरी होने वाली दूरी तय करने में यात्रियों को 6 से 8 घंटे तक का समय लग रहा था। जगह-जगह जाम और हादसों की स्थिति बनने के बाद प्रशासन ने भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया है।

गिट्टी और रोलर से सड़क की मरम्मत

सड़क को तत्काल यातायात योग्य बनाने के लिए मौके पर मशीनरी लगाई गई है। पहले सड़क पर गिट्टी बिछाई जा रही है और इसके बाद रोलर चलाकर सड़क को दबाया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य बारिश के दौरान दोबारा बड़े गड्ढे और दलदल की स्थिति बनने से रोकना है।

नेशनल हाईवे संभाग, पीडब्ल्यूडी के ईई आरके खांबरा के मुताबिक, बारिश और लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क प्रभावित हुई है। यात्रियों की परेशानी कम करने और सड़क को जल्द यातायात योग्य बनाने के लिए भारी वाहनों का रूट बदला गया है। मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है।

जीपीएम-रतनपुर के बीच बदला रूट

जीपीएम की ओर से रतनपुर आने वाले भारी वाहन अब आमाडांड-कोटमी, पसान और कटघोरा होते हुए रतनपुर पहुंचेंगे। वहीं रतनपुर से जीपीएम जाने वाले वाहन कटघोरा, पसान और कोटमी मार्ग से जाएंगे। डायवर्ट किए गए मार्ग से भारी वाहनों को करीब 50 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।

केंद्र तक पहुंची सड़क की बदहाली

एनएच-45 की खराब स्थिति का मामला केंद्र स्तर तक भी पहुंच गया है। शुक्रवार को केंद्रीय टीम द्वारा सड़क का निरीक्षण किए जाने की जानकारी सामने आई है। टीम ने बिलासपुर और जीपीएम कलेक्टर से भी चर्चा की। हालांकि इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही को देखते हुए लंबे समय तक सड़क बंद रखना संभव नहीं था।

फिलहाल दो दिन के लिए भारी वाहनों का रूट बदला गया है, ताकि यातायात के दबाव को कम कर सड़क की मरम्मत तेजी से पूरी की जा सके। सड़क के दुरुस्त होने के बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य किया जाएगा।