बिलासपुर। सदर बाजार में सोने के एक कड़े की शुद्धता को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हुआ कि देखते ही देखते सराफा कारोबारियों की भीड़ जुट गई। एसके ज्वैलर्स से खरीदे गए कड़े की मालाबार ज्वैलर्स में जांच कराई गई। कैरेटोमीटर की पहली रीडिंग में कड़े की शुद्धता 20 कैरेट सामने आई, लेकिन दोबारा जांच में यही कड़ा 22 कैरेट निकला। एक ही कड़े की दो अलग-अलग रीडिंग ने पूरे मामले को सवालों के घेरे में ला दिया।
मामला सामने आने के बाद एसके ज्वैलर्स के संचालक सागर सोनी ग्राहक के साथ मालाबार ज्वैलर्स पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। स्थिति ऐसी बनी कि देखते ही देखते बड़ी संख्या में सराफा कारोबारी मौके पर पहुंच गए और बाजार में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई।
विवाद की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके से कैरेटोमीटर मशीन और DVR जब्त कर लिया है। अब जांच का फोकस मशीन की कैलिब्रेशन, कड़े की दोनों रीडिंग और मौके की CCTV रिकॉर्डिंग पर रहेगा। आखिर एक ही कड़े की पहली जांच में 20 कैरेट और दूसरी जांच में 22 कैरेट की रीडिंग कैसे आई—इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
मामले ने सराफा कारोबार में इस्तेमाल होने वाली जांच प्रक्रिया और मशीन की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह साफ होगा कि अलग-अलग रीडिंग के पीछे तकनीकी गड़बड़ी थी या मामला किसी अन्य वजह से उलझा।
इधर, सराफा एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि कारोबारियों की साख से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा और मामले की वास्तविकता तथ्यों के आधार पर सामने आनी चाहिए। वहीं ग्राहकों से अपील की गई है कि सोना खरीदते समय हॉलमार्क, पक्का बिल, शुद्धता प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज जरूर लें और उन्हें सुरक्षित रखें।









