बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट को सोमवार को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया। जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने हाई कोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार संभाल लिया। रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान राष्ट्रपति की ओर से जारी मूल वारंट भी उन्हें सौंपा गया।

शपथ ग्रहण के बाद छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में आयोजित स्वागत समारोह में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महापात्र ने न्याय व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि न्यायालय में आने वाले पक्षकारों का विश्वास और उनकी अपेक्षाएं सर्वोच्च प्राथमिकता होंगी। उन्होंने न्याय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और पूरे न्यायिक परिवार के सामूहिक प्रयास को जरूरी बताया।

ओडिशा से छत्तीसगढ़ आने को बताया आत्मीय जुड़ाव
जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव को भी भावनात्मक अंदाज में व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे भगवान जगन्नाथ की पावन भूमि ओडिशा से मां महामाया की पवित्र भूमि छत्तीसगढ़ आए हैं। दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को उन्होंने आत्मीय जुड़ाव की कड़ी बताया।
उन्होंने कहा कि मुख्य न्यायाधीश के रूप में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की सेवा का अवसर उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। उनका प्रयास रहेगा कि हाई कोर्ट न्याय के प्रति अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी को और प्रभावी ढंग से निभाए।
स्वागत को प्रशंसा नहीं, जिम्मेदारी माना
मुख्य न्यायाधीश ने अपने स्वागत में व्यक्त किए गए शब्दों को केवल प्रशंसा मानने के बजाय संस्था के विश्वास और स्नेह की अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि यह विश्वास उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी से सहयोग और समर्पण के साथ न्यायपालिका की गरिमा और कार्यक्षमता को मजबूत करने का आह्वान किया।

जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू ने किया अभिनंदन
हाई कोर्ट के स्वागत समारोह में जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू ने नए मुख्य न्यायाधीश का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की समृद्ध न्यायिक परंपरा को आगे बढ़ाने में जस्टिस महापात्र का नेतृत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने हाई कोर्ट के न्यायाधीशों और पूरे न्यायिक परिवार की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया।
महाधिवक्ता और अधिवक्ता संघ की ओर से भी मुख्य न्यायाधीश का स्वागत किया गया।
1988 में शुरू किया था वकालत का सफर
जस्टिस कृष्ण राम महापात्र का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ। उन्होंने बीए और एलएलबी की पढ़ाई की। उनके पिता स्वर्गीय जस्टिस सारत चंद्र महापात्र भी न्यायिक क्षेत्र से जुड़े रहे हैं।
जस्टिस महापात्र ने 7 फरवरी 1988 को ओडिशा राज्य बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया था। करीब 26 वर्षों तक उन्होंने दीवानी, आपराधिक, सेवा और संवैधानिक मामलों समेत कानून के विभिन्न क्षेत्रों में पैरवी की। ओडिशा सरकार और ओडिशा लोक सेवा आयोग के अतिरिक्त शासकीय अधिवक्ता के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई।
2015 में बने थे ओडिशा हाई कोर्ट के जज
17 अप्रैल 2015 को जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने ओडिशा हाई कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदभार संभाला। एक दशक से अधिक के न्यायिक अनुभव के बाद अब उन्हें छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
शपथ समारोह में मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गज मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के न्यायाधीशगण, मुख्य न्यायाधीश की धर्मपत्नी अनिता महापात्र, महाधिवक्ता विवेक शर्मा, हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव तथा शासन के वरिष्ठ अधिकारी और अधिवक्तागण भी समारोह में उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव विकास शील ने समारोह का संचालन किया और राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति वारंट का वाचन किया।








