बिलासपुर। शहर के डीपी विप्र लॉ कॉलेज में जूनियर छात्र के साथ कथित मारपीट और रैगिंग का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने कुछ छात्रों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कॉलेज परिसर में किसी मुद्दे को लेकर छात्रों का प्रदर्शन चल रहा था। आरोप है कि इस दौरान कुछ सीनियर छात्रों ने एक प्रथम वर्ष के छात्र पर प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया। छात्र के कथित तौर पर इनकार करने के बाद उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई।

मामले में महेश साहू, अखिलेश सहित करीब दर्जनभर युवकों पर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में यह भी आरोप सामने आया है कि कुछ ऐसे युवक भी घटना में शामिल थे, जो कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर महेश साहू सहित अन्य छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
इधर कॉलेज प्रबंधन की ओर से भी मामले में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुके पूर्व छात्रों के परिसर में प्रवेश पर रोक लगाने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही पूरे मामले की जानकारी बार काउंसिल को भेजे जाने की बात सामने आई है।

कानून की पढ़ाई कराने वाले संस्थान में सामने आए इस घटनाक्रम ने कॉलेज परिसर में छात्रों की सुरक्षा, अनुशासन और पूर्व छात्रों की गतिविधियों पर निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े पूरे तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







