बिलासपुर। नागपंचमी का त्योहार आज खत्म होने की ओर है, लेकिन कभी इस दिन बिलासपुर के लालबहादुर स्कूल मैदान में गूंजने वाली दंगल की आवाज इस बार भी सुनाई नहीं दी। मिट्टी के अखाड़े में पहलवानों की जोर आजमाइश, दांव-पेंच और मुकाबले देखने जुटने वाली भीड़ अब बीते दौर की कहानी बनती जा रही है। पहलवानों की कमी के चलते करीब 100 साल पुरानी दंगल प्रतियोगिता लगातार दूसरे साल आयोजित नहीं हो सकी।
कभी नागपंचमी की पहचान था दंगल
बिलासपुर में नागपंचमी का पर्व कभी कुश्ती और दंगल के बिना अधूरा माना जाता था। सुबह से ही अखाड़ों में पहलवानों की तैयारियां शुरू हो जाती थीं। मिट्टी के अखाड़े में पहलवान दांव-पेंच आजमाते थे और उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते थे। मुकाबलों के दौरान तालियों और उत्साह से पूरा माहौल गूंज उठता था।
शहर में कभी जय मां अंबे अखाड़ा, कतियापारा और बजरंग अखाड़ा, गोंडपारा सहित कई अखाड़े सक्रिय थे। यहां सुबह-शाम पहलवान अभ्यास करते थे और नागपंचमी पर इन्हीं अखाड़ों के पहलवान दंगल में उतरते थे।
अखाड़े बंद हुए तो पहलवान भी कम होते गए
समय के साथ शहर के कई पारंपरिक अखाड़े बंद होते गए। नई पीढ़ी का रुझान भी कुश्ती की ओर पहले जैसा नहीं रहा। इसका सीधा असर नागपंचमी के दंगल पर पड़ा। अब बड़े स्तर पर प्रतियोगिता कराने के लिए पर्याप्त स्थानीय पहलवान जुटाना भी मुश्किल हो गया है।
पहलवानों की कमी से लगातार दूसरे साल नहीं हुआ आयोजन
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि बड़े स्तर पर दंगल आयोजित करने के लिए पहलवानों को करीब एक महीने पहले सूचना देनी पड़ती है। पहले शहर और आसपास के क्षेत्रों से आसानी से पहलवान जुट जाते थे, लेकिन अब पर्याप्त पहलवान उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। यही वजह है कि इस बार भी लालबहादुर स्कूल मैदान में दंगल नहीं हो सका।
1996 में भी टूटी थी परंपरा
स्थानीय निवासी के मुताबिक लालबहादुर स्कूल मैदान में होने वाली दंगल प्रतियोगिता की परंपरा करीब 100 साल पुरानी है। अलग-अलग कारणों से अब तक करीब पांच बार यह आयोजन बाधित हो चुका है। वर्ष 1996 में भी पहलवानों की कमी के कारण दंगल नहीं हो सका था। कोरोना काल में भी एक साल प्रतियोगिता आयोजित नहीं हुई थी।








