बिलासपुर। मुंगेली नाका स्थित संजय तरण पुष्कर में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय शासकीय शालेय तैराकी प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे स्कूली खिलाड़ियों ने जिस स्विमिंग पूल में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, उसके पानी की स्वच्छता को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान पूल के पानी में कीड़े दिखाई देने की बात सामने आई है। इसके बावजूद उसी पूल में राज्य स्तरीय मुकाबले कराए गए।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बड़ी लापरवाही? क्लोरीन के बिना पूल में उतारे गए खिलाड़ी — खबर से संबंधित तस्वीर 1

जानकारी के मुताबिक प्रतियोगिता शुरू होने से पहले ही तरण पुष्कर में क्लोरीन गैस की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। नियमित क्लोरीनेशन और रखरखाव नहीं होने के कारण पूल के पानी की स्थिति खराब होने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि पूल में कीड़े तक तैरते दिखाई दे रहे थे। इसके बावजूद प्रतियोगिता को स्थगित करने अथवा खिलाड़ियों के लिए किसी वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार नहीं किया गया और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिता आयोजित करा दी गई।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बड़ी लापरवाही? क्लोरीन के बिना पूल में उतारे गए खिलाड़ी — खबर से संबंधित तस्वीर 2

तैराकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का सीधे पानी के संपर्क में रहना होता है। ऐसे में पानी की स्वच्छता और गुणवत्ता खिलाड़ियों की सुरक्षा से सीधे जुड़ा विषय है। प्रतियोगिता से पहले ही जिम्मेदार अधिकारियों और कमिश्नर को पूल में क्लोरीन सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने और पानी की स्थिति के संबंध में जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद प्रतियोगिता उसी पूल में आयोजित होने से आयोजन की तैयारियों और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

मामले में तरण पुष्कर की सहायक प्रबंधक (मैकेनिकल इंजीनियर) ज्योति देवांगन ने बताया कि अधिकारियों को पहले से जानकारी थी कि क्लोरीन सिलेंडर उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित स्तर पर यह भी कहा गया था कि ऐसी स्थिति में यहां प्रतियोगिता आयोजित नहीं कराई जाए। फिलहाल क्लोरीन सिलेंडर रास्ते में है और एक-दो दिन में पहुंचने की संभावना है। सिलेंडर पहुंचने के बाद पूल की साफ-सफाई और क्लोरीनेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद ही स्विमिंग पूल को आम जनता के लिए खोला जाएगा।

इधर, सोमवार को बच्चों को तैराकी कराने के लिए तरण पुष्कर पहुंचे लोगों को उस समय निराश होकर लौटना पड़ा, जब उन्हें स्विमिंग पूल बंद मिला। लोगों का कहना है कि यदि पूल आम नागरिकों के लिए खोलने की स्थिति में नहीं था तो इसकी जानकारी पहले से दी जानी चाहिए थी, ताकि वे बच्चों को लेकर बेवजह यहां नहीं पहुंचते।

पूरे मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पूल की स्थिति और क्लोरीन सिलेंडर की कमी की जानकारी अधिकारियों को प्रतियोगिता से पहले ही थी, तो खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्था समय रहते क्यों नहीं की गई। एक ओर कथित रूप से खराब पानी के बीच राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता आयोजित की गई और दूसरी ओर प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद आम लोगों के लिए भी पूल बंद है। ऐसे में संजय तरण पुष्कर की व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब की मांग उठने लगी है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बड़ी लापरवाही? क्लोरीन के बिना पूल में उतारे गए खिलाड़ी — खबर से संबंधित तस्वीर 3