बिलासपुर। बिल्हा ब्लॉक में महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों की जांच में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। जांच के दौरान 11 ऐसे हितग्राहियों की पहचान हुई है, जिनके पति या स्वयं शासकीय सेवा में कार्यरत हैं, इसके बावजूद उन्हें योजना का लाभ मिलता रहा। अब प्रशासन ने इनसे कुल 1 लाख 24 हजार रुपये की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एकीकृत बाल विकास परियोजना, बिल्हा की जांच में सामने आए इन मामलों में शिक्षक, सहायक शिक्षक, वर्ग-2 कर्मचारी सहित अन्य शासकीय सेवकों के परिवार शामिल हैं। विभाग ने अपात्र हितग्राहियों की सूची बिल्हा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भेजी है।
जांच के अनुसार, इन 11 हितग्राहियों के खातों में महतारी वंदन योजना के तहत कुल ₹1.24 लाख की राशि पहुंची है। संबंधित विभाग ने अब यह राशि वापस लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यदि राशि निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा नहीं की जाती है, तो नियमानुसार वेतन से रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी।
जांच में रत्ना क्षत्री, गंगा बाई, रमा वर्मा, दिनेश्वरी कुर्रे, कुसुम यादव, गोदावरी कौशिक, रामेश्वरी साहू, कीर्ति पाटले, सविता कुर्रे, अमर ज्योति शांडिल्य और लक्ष्मी के नाम सामने आए हैं।
बिल्हा के बीईओ भूपेंद्र कौशिक ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की जांच में शासकीय सेवा से जुड़े परिवारों द्वारा योजना का लाभ लेने की जानकारी सामने आई है। संबंधित लोगों से राशि की वसूली का आदेश जारी किया गया है। राशि जमा नहीं होने पर नियमानुसार वेतन से रिकवरी की जाएगी।
इस मामले ने सरकारी योजनाओं में पात्रता सत्यापन और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन अब यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि अपात्र लोगों को पहुंची राशि सरकारी खाते में वापस जमा हो और भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।








