बिलासपुर। महापुरुषों और महान विभूतियों की प्रतिमाओं की अनदेखी अब नगरीय निकायों को भारी पड़ सकती है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रतिमाओं के संरक्षण, सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 19 अगस्त 2026 को जारी परिपत्र के तहत अब हर प्रतिमा की सूची तैयार कर उसकी जिम्मेदारी तय करनी होगी और नियमित निरीक्षण भी कराया जाएगा।
प्रतिमाओं की बनेगी पूरी सूची
शासन के निर्देश के अनुसार प्रत्येक प्रतिमा का नाम, स्थान, स्थापना वर्ष और उसकी देखरेख करने वाले व्यक्ति या संस्था की जानकारी दर्ज की जाएगी। प्रतिमाओं की स्थिति की नियमित निगरानी के साथ जरूरत के अनुसार सफाई, धुलाई, पेंटिंग और पालिशिंग कराई जाएगी।
पोस्टर-बैनर और अवैध पार्किंग पर रोक
प्रतिमा स्थल के आसपास गंदगी, अतिक्रमण, अनावश्यक पोस्टर-बैनर और विज्ञापन लगाने पर रोक रहेगी। इसके अलावा अनधिकृत निर्माण और अवैध पार्किंग भी नहीं होने दी जाएगी। प्रतिमा परिसर को साफ-सुथरा रखने की जिम्मेदारी भी तय होगी।
रोशनी, सुरक्षा और सुंदरीकरण पर जोर
प्रतिमा स्थलों पर पर्याप्त विद्युत प्रकाश व्यवस्था के साथ जरूरत के अनुसार बाड़ और रेलिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। चबूतरे, फर्श, टाइल्स, सीढ़ियों, चारदीवारी और रेलिंग की समय-समय पर मरम्मत कराई जाएगी। परिसर का रंग-रोगन और सुंदरीकरण भी कराया जाएगा।
महापुरुषों की लगेगी परिचय पट्टिका
हर प्रतिमा के पास संबंधित महापुरुष का संक्षिप्त परिचय देने वाली पट्टिका लगाना अनिवार्य होगा। पुरानी या क्षतिग्रस्त पट्टिकाओं को बदलने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि लोगों को महापुरुषों के योगदान की जानकारी मिल सके।
जयंती-पुण्यतिथि पर विशेष इंतजाम
महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रतिमा स्थलों की विशेष सफाई, सजावट और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक नगरीय निकाय को नोडल अधिकारी नियुक्त करने और वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
हर तीन महीने में शासन को रिपोर्ट
अब सिर्फ आदेश जारी कर जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी। सभी नगरीय निकायों को प्रतिमाओं की सूची, उनकी वर्तमान स्थिति और रखरखाव की जानकारी सहित हर तीन महीने में त्रैमासिक अनुपालन रिपोर्ट क्षेत्रीय कार्यालय के संचालक को भेजनी होगी। शासन ने यह परिपत्र तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।








