बिलासपुर। शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। पुराना हाईकोर्ट के सामने संचालित मद्रासी रेस्टोरेंट में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान कई गंभीर कमियां पाईं। रसोई में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी, वहीं वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक ही फ्रीजर में रखे जाने की बात सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने रेस्टोरेंट का खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान रसोई की साफ-सफाई व्यवस्था अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। टीम ने खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था की भी जांच की। फ्रीजर की जांच के दौरान वेज एवं नॉनवेज खाद्य सामग्री एक ही स्थान पर रखी मिली। खाद्य पदार्थों को अलग-अलग और निर्धारित तरीके से रखने के नियमों की अनदेखी को विभाग ने गंभीरता से लिया।
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के कूक और वेटर द्वारा खाद्य सामग्री को संभालते समय ग्लव्स का उपयोग नहीं किए जाने की बात भी सामने आई। इसके अलावा प्रतिष्ठान में नियमित पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं मिली। फ्रीजर की सफाई भी उचित तरीके से नहीं की जा रही थी। टीम ने खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, रसोई की स्वच्छता और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़े कई बिंदुओं पर कमियां दर्ज कीं।
विभागीय टीम ने रेस्टोरेंट संचालक को तत्काल साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और खाद्य सुरक्षा से जुड़े आवश्यक मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य सामग्री को निर्धारित तरीके से अलग-अलग रखने, फ्रीजर की नियमित सफाई करने, कर्मचारियों को स्वच्छता संबंधी सावधानियों का पालन कराने और पेस्ट कंट्रोल की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता भी खाद्य सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इन मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








