बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर बिलासपुर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पुलिस परेड ग्राउंड में गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल के जरिए पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। ध्वजारोहण से लेकर परेड, सलामी, हर्ष फायर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सभी कार्यक्रमों का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास कराया गया।
रिहर्सल में पुलिस बल के साथ एनसीसी और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। सभी टुकड़ियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ परेड का अभ्यास किया। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान समारोह की प्रत्येक गतिविधि को बारीकी से परखा गया, ताकि मुख्य कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की कमी न रहे।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी रजनेश सिंह ने पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, मंच, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा। जहां भी छोटी-मोटी कमियां नजर आईं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू समारोह के मुख्य अतिथि होंगे और ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद परेड, सलामी और हर्ष फायर का आयोजन होगा। स्कूली विद्यार्थी देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे।
इधर, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभागार में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में भारत विभाजन के दौरान लोगों को झेलनी पड़ी पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष को याद किया गया।
कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसके माध्यम से उस दौर की परिस्थितियों और लोगों के संघर्ष को प्रदर्शित किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और लंबे संघर्ष का परिणाम है। उनके बलिदान को याद रखना और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि विभाजन की त्रासदी की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता और मजबूत हो।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने टीबी और नशे के खिलाफ जागरूकता नाटक भी प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के जरिए स्वस्थ और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।








