बिलासपुर। शहर और जिले में सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन और ट्रैफिक विभाग लगातार कार्रवाई और जागरूकता की बात करता है, लेकिन बिलासपुर के प्रमुख हाईवे पर जमीनी तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े करती नजर आ रही है। सिरगिट्टी से सकरी तक हाईवे पर भारी वाहनों की लंबी कतार और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग आम लोगों के लिए परेशानी के साथ हादसों का खतरा भी बढ़ा रही है।
सकरी-रतनपुर मार्ग पर अवैध ट्रक टर्मिनल जैसी स्थिति बन गई है। वहीं, गूंजर चौक से सिरगिट्टी बनाक चौक तक कई जगह कंपनियों द्वारा मुख्य मार्ग के किनारे ही वाहनों को खड़ा किए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं। भारी वाहनों की वजह से सड़क का बड़ा हिस्सा प्रभावित होता है और दूसरे वाहन चालकों को निकलने के लिए सीमित जगह मिलती है।
हादसों के बाद कुछ दिन कार्रवाई, फिर वही तस्वीर
सबसे बड़ा सवाल यह है कि हादसा होने के बाद कुछ दिनों तक चालानी कार्रवाई और समझाइश का दौर चलता है, लेकिन कुछ समय बाद हाईवे पर फिर वही हालात दिखाई देने लगते हैं। इससे कार्रवाई की स्थायित्व और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहा है कि जब हाईवे पर भारी वाहनों की कतार अधिकारियों की नजरों के सामने दिखाई देती है, तो फिर कार्रवाई केवल दोपहिया वाहनों के हेलमेट, नंबर प्लेट या लाइसेंस की जांच तक ही क्यों सीमित नजर आती है?
एक तरफ भारी वाहनों की कतार, दूसरी तरफ ट्रैफिक जांच
सामने आई तस्वीरों और वीडियो में हाईवे पर भारी वाहनों की लंबी कतार दिखाई दे रही है। वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक जवान छोटे वाहनों की जांच करते नजर आते हैं। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या हाईवे पर खड़े भारी वाहनों और अवैध पार्किंग पर भी उतनी ही सख्ती से कार्रवाई हो रही है?
सड़क किनारे खड़े ट्रक और अन्य भारी वाहन न केवल यातायात की रफ्तार को प्रभावित करते हैं, बल्कि अचानक सामने आने वाले वाहन, ओवरटेकिंग और सीमित दृश्यता के कारण दुर्घटना का जोखिम भी बढ़ा सकते हैं।
क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार?
हाईवे पर अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर सबसे गंभीर चिंता सुरक्षा की है। हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय यदि संवेदनशील स्थानों पर पहले से ही पार्किंग नियंत्रित की जाए और भारी वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग/टर्मिनल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, तो जोखिम को कम किया जा सकता है।
अब सवाल जिले के जिम्मेदार अधिकारियों से है—क्या हाईवे पर खड़े ये भारी वाहन हादसों को न्योता नहीं दे रहे? क्या कार्रवाई किसी बड़े हादसे के बाद ही होगी? और क्या मुख्य मार्ग को अवैध पार्किंग से मुक्त कराने के लिए स्थायी समाधान निकलेगा?
फिलहाल, सिरगिट्टी से सकरी और गूंजर चौक से बनाक चौक तक की स्थिति ट्रैफिक व्यवस्था और हाईवे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर रही है। जरूरत इस बात की है कि जिम्मेदार विभाग केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि हाईवे पर भारी वाहनों की पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान भी सुनिश्चित करें।








