जशपुर, 9 नवंबर 2026। जशपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली गांव में शराब के नशे में घर पहुंचे एक बेटे ने खाने की बात पर हुए विवाद में अपनी मां की हत्या कर दी। उसने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी से मां पर कई वार किए। बीच-बचाव करने आई बहन को भी उसने पीटा। गंभीर रूप से घायल मां की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आधी रात नशे में पहुंचा, खाना मांगा

पुलिस के मुताबिक आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22) 7 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा था। उस रात घर पर मां वेनेदिक्ता कुजूर और उसके भाई-बहन थे। पिता सुरेंद्र मिंज डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली के लिए गए हुए थे।

रोशन ने मां से खाना मांगा। मां ने कहा कि दिन का खाना रखा है, खुद निकालकर खा लो। इसी बात पर रोशन भड़क गया और मां से झगड़ने लगा।

अधजली लकड़ी से हाथ, पैर और पीठ पर वार

गुस्से में उसने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी उठाई और मां के हाथ, पैर और पीठ पर लगातार कई वार किए। मां की चीख सुनकर कमरे में सो रही बहन बचाने आई, तो आरोपी ने उसे भी पीटा। उसने अपने छोटे भाई को भी धमकाया।

घटना के बाद भाई-बहन ने पिता को खबर दी और घायल मां को जिला अस्पताल जशपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

भागकर जुरगुम पहुंचा था आरोपी

वारदात के बाद आरोपी जुरगुम गांव की ओर भाग गया था। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 369/2026 के तहत BNS की धारा 103(1) (हत्या) में केस दर्ज किया। केस दर्ज होने के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल अधजला लकड़ी का डंडा भी गवाहों के सामने जब्त किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी मनोरा के शासकीय नवीन महाविद्यालय में बी.कॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और वहीं के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है।

इनकी रही भूमिका

यह कार्रवाई DIG व SP डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर हुई। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, ASI मनोज साहू, नंदलाल राम, प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो, आरक्षक शोभनाथ सिंह और नगर सैनिक रवि दनसेना शामिल रहे।