रायगढ़, 9 नवंबर 2026। रायगढ़ जिले में अंधविश्वास की आड़ में एक महिला से दुष्कर्म और ठगी का मामला सामने आया है। झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने और शादी की अड़चन दूर करने का झांसा देकर 40 वर्षीय अविवाहित महिला को नींद की दवा मिला पानी पिलाया गया और फिर उससे दुष्कर्म किया गया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से उससे करीब 6 लाख रुपए भी वसूले गए। घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

ऐसे फंसाया जाल में

पुलिस के मुताबिक मार्च 2026 में एक परिचित के ज़रिए पीड़िता की मुलाकात आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल (45) से हुई थी। आरोपी खुद को हाथ देखकर भविष्य बताने वाला और जड़ी-बूटी से इलाज करने वाला बताता था। इसके बाद दोनों के बीच फोन और वॉट्सऐप पर बातचीत होती रही।

8 मार्च 2026 को आरोपी ने पूजा-पाठ के बहाने महिला को घरघोड़ा के अपने किराए के मकान में बुलाया। वहां उसकी साथी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39) पहले से मौजूद थी। पूजा के दौरान आरोपी ने "अभिमंत्रित जल" बताकर महिला को पानी पिलाया, जिसमें नींद की दवा मिली थी। पानी पीते ही महिला बेहोश हो गई और इसी हालत में आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया।

पूजा-हवन और नौकरी के नाम पर 6 लाख वसूले

होश आने पर महिला ने विरोध किया, तो आरोपी ने फिर से शादी की अड़चन और बीमारी दूर करने का भरोसा दिलाया। पहले पूजा और हवन के नाम पर 4 हजार और फिर 12 हजार रुपए लिए गए। बाद में एक कंपनी में बिजनेस जॉब दिलाने का झांसा देकर पैसे लिए गए। इस तरह कुल करीब 6 लाख रुपए वसूल लिए गए। पीड़िता ने जब पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो उसे धमकाया गया।

कोतवाली में शिकायत, घरघोड़ा में FIR

पीड़िता ने 5 नवंबर को रायगढ़ कोतवाली थाने में शिकायत की। घटनास्थल घरघोड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण मामला वहां ट्रांसफर किया गया। वहां अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 61(2), 49, 123 और 3(5) में केस दर्ज हुआ। जांच में पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने 8 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी

चंद्र कुमार जायसवाल (45), पिता स्व. दाताराम जायसवाल। मूल निवासी ग्राम टांडीपार, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़। अभी लैलूंगा के अस्पताल पारा में किराए से रह रहा था।

गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39), पति निर्मल मानिकपुरी। निवासी ग्राम गेरसा सुकवासीपारा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू और ASI खेमराज पटेल शामिल रहे। इसकी निगरानी SDOP धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी ने की और मार्गदर्शन SP शशि मोहन सिंह व एडिशनल SP अनिल सोनी का रहा।

पुलिस की अपील: SP शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे झाड़-फूंक और अंधविश्वास के झांसे में न आएं। बीमारी होने पर योग्य डॉक्टर से इलाज कराएं और किसी भी तरह के शोषण या ठगी की तुरंत पुलिस को सूचना दें।