छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ में स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अब डिजिटल तकनीक का सहारा लिया जाएगा। शाला अप्रवेशी, शाला त्यागी और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान के लिए राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा की ओर से ‘लइका चिन्हारी’ मोबाइल ऐप तैयार कराया गया है। इसके माध्यम से मैदानी स्तर पर घर-घर सर्वे कर बच्चों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
विभाग का लक्ष्य केवल स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान करना नहीं, बल्कि उन्हें दोबारा स्कूल में दाखिला दिलाकर उनकी पढ़ाई जारी रखना भी है। सर्वे के बाद बच्चों के प्रवेश और स्कूल में उनकी निरंतर उपस्थिति की भी निगरानी की जाएगी।
माध्यमिक स्तर पर 13.8 प्रतिशत ड्रॉपआउट
छत्तीसगढ़ में माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर करीब 13.8 प्रतिशत बताई गई है। इसे देखते हुए विभाग ने स्कूल से बाहर बच्चों के सर्वे और उनके पुनः प्रवेश पर विशेष जोर दिया है। सर्वे के लिए स्थानीय स्तर पर साक्षरता प्रेरकों और अतिथि शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर योग्य स्थानीय लोगों के साथ नियमित शासकीय कर्मचारियों की भी मदद ली जा सकेगी।
ऐप से होगा सर्वेकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन
चयनित सर्वेकर्ताओं को अपने एंड्रॉयड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से ‘लइका चिन्हारी’ ऐप डाउनलोड करना होगा। इसमें नाम, मोबाइल नंबर, बसाहट और स्कूल सहित जरूरी जानकारी दर्ज कर रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
इसके बाद संबंधित संकुल समन्वयक अपनी संकुल आईडी से सर्वेकर्ता के चयन और पात्रता का ऑनलाइन सत्यापन करेंगे। सत्यापन के बाद ही सर्वेकर्ता प्रोत्साहन राशि के लिए पात्र होंगे।
बच्चे की पहचान पर ₹20, स्कूल वापसी पर ₹500
योजना के तहत ऐप में चिन्हांकित प्रत्येक बच्चे की प्रविष्टि और सत्यापन पूरा होने पर सर्वेकर्ता को 20 रुपये प्रति छात्र दिए जाएंगे। वहीं, बच्चे का स्कूल में प्रवेश कराने और उसे कम से कम तीन महीने तक स्कूल में बनाए रखने के बाद प्राचार्य के सत्यापन पर 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
इसके अलावा माध्यमिक स्तर के बच्चों को छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल के माध्यम से परीक्षा दिलाने पर भी 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है। सभी भुगतान जिलों के माध्यम से डीबीटी के जरिए किए जाएंगे।
सरकार की इस पहल से उम्मीद है कि स्कूल से बाहर रह गए बच्चों की वास्तविक संख्या और स्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। साथ ही, बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने के बाद वे पढ़ाई बीच में न छोड़ें, इसकी निगरानी भी मजबूत हो सकेगी।








