रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर, वीर सावरकर सहित छत्तीसगढ़ के जननायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बस्तर में हिंसा की जगह शांति और विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। बस्तर में अब भय और हिंसा के स्थान पर शांति, विश्वास और विकास का वातावरण बन रहा है। उन्होंने इसे बस्तर के नवनिर्माण का स्वर्णिम समय बताया।
'नियद नेल्ला नार 2.0' और 'बस्तर मुन्ने अभियान' के जरिए 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जानकारी दी गई। नक्सल हिंसा के कारण बंद स्कूलों को फिर शुरू किया गया है और 36 नए स्कूलों को मंजूरी दी गई है। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।
'मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान' के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। करीब 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से 4,824 करोड़ रुपए की आजीविका उन्नयन योजना तैयार की गई है। सुरक्षा कैंपों को भी सेवा और विकास के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जा रहा है। फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए धान की जगह दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलें लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपए प्रति एकड़ आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मंजूरी दी गई है। वहीं सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
24.50 लाख आवास स्वीकृत, महिलाओं को 19,444 करोड़ का भुगतान
मुख्यमंत्री ने बताया कि आवास योजना के तहत अब तक 24.50 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1,600 घरों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब तक 19,444 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। प्रदेश में 13.85 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
युवाओं के लिए रोजगार और एआई मिशन पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास, खेल और नवाचार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 पदों तथा बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए 'सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एग्जाम' योजना शुरू करने की घोषणा की गई। छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय भी लिया गया है।
राज्य के 500 करोड़ रुपए के एआई मिशन के तहत 100 एआई डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख सरकारी कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण देने की योजना है।
6,671 सरकारी स्कूलों में बेटियों के लिए बनेंगे शौचालय
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने 'मेरी बेटी-मेरा अभिमान' अभियान शुरू करने की घोषणा की। अभियान के तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।
खेल प्रतिभाओं और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 'मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन' शुरू करने की घोषणा की। राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी पद पर पदोन्नत करने के साथ 30 लाख रुपए की सम्मान राशि देने का निर्णय लिया गया है। वहीं 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए भी शासकीय सेवा के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई।
पर्यटन के क्षेत्र में चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करते हुए टेंट सिटी बनाने की योजना है। सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ी सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए 'चित्रोत्पला फिल्म सिटी' और लोककला के संरक्षण के लिए 'डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण' शुरू करने की घोषणा की गई।
सुशासन और डिजिटल कनेक्टिविटी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 के जरिए 80 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया गया है। 'सेवा सेतु पोर्टल' पर 700 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। प्रदेश में नौ नए साइबर पुलिस थाने बनाए गए हैं और डायल-112 सेवा पूरे राज्य में लागू की गई है।
दूरस्थ क्षेत्रों में पिछले ढाई वर्षों के दौरान 829 मोबाइल टावर लगाए गए हैं। भारतनेट 3.0 के जरिए 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' की भावना के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।








