रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में जल्द ही बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकता है। राज्य सरकार तीन वरिष्ठ IPS अधिकारियों को ADG से DG अथवा स्पेशल DG स्तर पर पदोन्नत करने की तैयारी में है। इसके लिए राज्य में तीन नए एक्स-कैडर DG स्तर के पद सृजित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़े प्रमोशन की तैयारी, तीन IPS अफसर बन सकते हैं DG या स्पेशल DG — खबर से संबंधित तस्वीर 1

प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर 1994 बैच के एसआरपी कल्लूरी, 1995 बैच के प्रदीप गुप्ता और 1996 बैच के विवेकानंद को DG या स्पेशल DG स्तर पर पदोन्नति मिल सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, तीन एक्स-कैडर DG पद बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसे राज्य मंत्रिपरिषद के समक्ष भी मंजूरी के लिए रखा जा सकता है। हालांकि, नए एक्स-कैडर पदों के सृजन के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की पूर्व स्वीकृति जरूरी होगी।

फिलहाल छत्तीसगढ़ में स्वीकृत DG कैडर के दो और एक्स-कैडर DG स्तर के दो पद हैं। ऐसे में तीन अतिरिक्त पदों के सृजन की आवश्यकता और उसके औचित्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

यह मामला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि वर्ष 2018 में तीन एक्स-कैडर DG पदों से जुड़ा मामला सामने आया था। उस समय केंद्र की पूर्व अनुमति के बिना पदों के सृजन और नियुक्तियों को लेकर विवाद हुआ था। बाद में हाईकोर्ट ने संबंधित व्यवस्था को रद्द कर दिया था।

ऐसे में इस बार राज्य सरकार के प्रस्ताव पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी बेहद महत्वपूर्ण होगी। यदि प्रस्ताव को राज्य मंत्रिपरिषद और केंद्र से हरी झंडी मिल जाती है, तो छत्तीसगढ़ पुलिस में तीन वरिष्ठ IPS अधिकारियों के DG या स्पेशल DG स्तर पर प्रमोशन का रास्ता साफ हो सकता है।