धमतरी। 15 अगस्त के दिन कुरूद विधायक अजय चंद्राकर का भाजपा का झंडा फहराते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब इस मामले में नया विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो को स्वतंत्रता दिवस के दिन तिरंगे के स्थान पर भाजपा का झंडा फहराने की घटना के रूप में प्रस्तुत किए जाने पर भाजपा की ओर से आपत्ति जताई गई है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि वायरल वीडियो 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का नहीं, बल्कि कुरूद में आयोजित भाजपा के मंडल प्रशिक्षण कार्यक्रम का है। आरोप है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर इस तरह प्रसारित किया गया, जिससे यह संदेश गया कि विधायक अजय चंद्राकर ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया।

वायरल वीडियो पर विवाद: अजय चंद्राकर ने पत्रकारों से की सही खबर प्रसारित करने की अपील, एफआईआर की मांग — खबर से संबंधित तस्वीर 1

मामले को लेकर धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ सिटी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस के समक्ष शिकायत प्रस्तुत करते हुए वीडियो को गलत संदर्भ में प्रसारित करने वाले संबंधित लोगों और मीडिया संस्थानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

वहीं, मामले को लेकर विधायक अजय चंद्राकर ने भी एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है। उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी खबर को प्रसारित करने से पहले उसके तथ्य और वास्तविक संदर्भ की पुष्टि की जाए तथा सत्य और सही खबर ही जनता तक पहुंचाई जाए। उन्होंने वायरल वीडियो को लेकर स्पष्ट किया कि यह 15 अगस्त के कार्यक्रम का वीडियो नहीं है, बल्कि भाजपा के मंडल प्रशिक्षण कार्यक्रम से संबंधित है।

भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि किसी वीडियो को उसके वास्तविक संदर्भ से अलग करके प्रस्तुत किए जाने से आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। उनका कहना है कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी घटना की सही तारीख और पृष्ठभूमि स्पष्ट किए बिना उसे अलग संदर्भ में प्रस्तुत करना उचित नहीं है।

महापौर और भाजपा नेताओं ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर वायरल वीडियो की वास्तविक तारीख, स्रोत और उसके प्रसारण के तरीके की पड़ताल करने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

अब इस शिकायत के बाद पुलिस की जांच पर नजर रहेगी कि वायरल वीडियो वास्तव में कब और किस कार्यक्रम के दौरान बनाया गया था और उसे 15 अगस्त की घटना के रूप में किस आधार पर प्रसारित किया गया।