बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में रेल कर्मचारियों की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर दो दिवसीय मंडल स्तरीय पीएनएम (परमानेंट नेगोशिएशन मशीनरी) बैठक आयोजित की गई। 5 और 6 नवंबर को हुई इस बैठक में कर्मचारियों से जुड़े कुल 96 मुद्दे उठाए गए। इनमें 85 सामान्य और 11 विशेष मुद्दे शामिल थे। बैठक में कई मामलों के निराकरण पर सहमति बनी।

डीआरएम राकेश रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक

बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने की। इस दौरान एडीआरएम जेएस मीना, एडीआरएम के. श्रीनिवास और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा सहित रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।

वहीं मजदूर कांग्रेस की ओर से मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री, बी. कृष्णकुमार, लक्ष्मण राव और आरके यादव सहित विभिन्न शाखाओं के सचिवों ने हिस्सा लिया।

पदोन्नति से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक उठे मुद्दे

बैठक में रेल कर्मचारियों की पदोन्नति, पुनर्तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और आवासीय सुविधाओं से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन की ओर से रखे गए 96 मुद्दों पर रेलवे प्रशासन ने अपना पक्ष रखा। चर्चा के बाद कई प्रकरणों को सहमति के साथ बंद किया गया।

साइडिंग माइलेज पर भी बनी सहमति

बैठक में साइडिंग माइलेज देने से जुड़े मामले पर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस विषय पर रेलवे प्रशासन और कर्मचारी संगठन के बीच सहमति बनी। कर्मचारियों से जुड़े अन्य लंबित मामलों के समाधान को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

डीआरएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मामलों में कार्रवाई की जाएगी।