रायपुर । तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज गंभीर अपराध के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर की गिरफ्तारी अब पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार शोएब ढेबर लंबे समय से फरार है और उसका अब तक पता नहीं चल पाया है।

शोएब ढेबर, पिता अनवर ढेबर, उम्र करीब 26 वर्ष, रायपुर के पण्डरी थाना क्षेत्र स्थित पाम बेलाजियो का निवासी बताया गया है। आरोपी के खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 403/2026 दर्ज है। मामले में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 351(3), 351(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक मामले में पुनर्गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सार्थक प्रयास किए गए, लेकिन शोएब ढेबर पुलिस की पकड़ में नहीं आया। पुलिस का कहना है कि आरोपी फरार होकर अपना ठिकाना छिपाए हुए है और लगातार उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि फरार आरोपी भविष्य में दोबारा अपराध घटित कर सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए आम लोगों से सहयोग लेने का निर्णय लिया है। आरोपी के संबंध में मिलने वाली विश्वसनीय सूचना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र, रायपुर द्वारा रेगुलेशन के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए शोएब ढेबर की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया है। आदेश के अनुसार जो व्यक्ति फरार आरोपी को गिरफ्तार करेगा, उसकी गिरफ्तारी करवाएगा अथवा ऐसी युक्तियुक्त सूचना देगा, जिससे आरोपी को विधिपूर्वक गिरफ्तार किया जा सके, उसे इनाम दिया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शोएब ढेबर की गिरफ्तारी या उसकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले व्यक्ति को 5,000 रुपये की नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। इनाम वितरण का अंतिम निर्णय पुलिस विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिया जाएगा।
तेलीबांधा पुलिस अब आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि शोएब ढेबर के बारे में कोई विश्वसनीय जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

