रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए साल 2027 छुट्टियों के लिहाज से काफी खास रहने वाला है। नए साल में सरकारी कार्यालयों में कुल 124 दिन अवकाश रहेगा, जबकि कर्मचारियों को केवल 241 दिन ही काम करना होगा। वर्ष 2027 के लिए सामान्य और ऐच्छिक अवकाश की सूची के आधार पर यह गणना सामने आई है।
शनिवार-रविवार की छुट्टियों से मिलेंगे 104 दिन
वर्ष 2027 में कुल 365 दिन होंगे। इनमें से 104 दिन शनिवार और रविवार के साप्ताहिक अवकाश के कारण सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। छत्तीसगढ़ में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू होने के कारण शनिवार और रविवार को नियमित छुट्टी रहती है।
25 सामान्य अवकाश घोषित
वर्ष 2027 के लिए कुल 25 सामान्य अवकाश घोषित किए गए हैं। इनमें से पांच छुट्टियां शनिवार को पड़ रही हैं। ऐसे में सामान्य अवकाश के कारण वास्तविक कार्यदिवसों में 20 दिनों की कमी आएगी।
साल 2027 में सोमवार से शुक्रवार के बीच कुल 261 कार्यदिवस होंगे। इनमें से 20 सामान्य अवकाश घटाने पर सरकारी कार्यालयों में कुल 241 दिन कामकाज होगा।
51 ऐच्छिक अवकाश की भी सूची
सामान्य अवकाश के अलावा 51 ऐच्छिक अवकाश भी घोषित किए गए हैं। इनमें विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अवसर शामिल हैं। सरकारी कर्मचारी इन 51 ऐच्छिक अवकाशों में से अपनी पसंद के अधिकतम तीन अवकाश ले सकेंगे।
कई त्योहार रविवार को पड़ने से नहीं मिलेगी अतिरिक्त छुट्टी
वर्ष 2027 में स्वतंत्रता दिवस, ईद-ए-मिलाद, दशहरा (विजयादशमी) और गुरु नानक जयंती जैसे अवसर रविवार को पड़ रहे हैं। इस वजह से इन अवसरों पर अलग से अतिरिक्त सार्वजनिक अवकाश नहीं मिलेगा।
छुट्टियों का पूरा गणित
- साल के कुल दिन – 365
- शनिवार और रविवार – 104 दिन
- सामान्य अवकाश – 25 दिन
- शनिवार को पड़ने वाले सामान्य अवकाश – 5 दिन
- कार्यदिवसों को प्रभावित करने वाले सामान्य अवकाश – 20 दिन
- कुल कार्यदिवस – 241 दिन
- कुल कार्यालय अवकाश – 124 दिन
इस तरह छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए वर्ष 2027 में साप्ताहिक और सामान्य अवकाश मिलाकर कुल 124 दिन छुट्टियां रहेंगी। हालांकि, आवश्यक सेवाओं और फील्ड में तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी व्यवस्था अलग हो सकती है।

