रायपुर। छत्तीसगढ़ आज 1 नवंबर को अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस खास अवसर पर राजधानी क्षेत्र नवा रायपुर में तीन दिवसीय भव्य राज्योत्सव का शुभारंभ हो चुका है। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है। आयोजन में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, समृद्ध लोक संस्कृति, कला और उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। तीन दिनों तक चलने वाले इस समारोह में बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियां, भारतीय वायुसेना का रोमांचक एयर शो और विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण रहेंगी। वहीं, राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 41 विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।

बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

राज्योत्सव में इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों को विशेष रूप से आकर्षक बनाया गया है। बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक और कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका पलक मुच्छाल, स्वस्ति मेहुल और गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। इनके साथ छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा, ताकि प्रदेश की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।

दर्शकों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर विशाल डोम तैयार किया गया है। इसके अलावा कार्यक्रमों का बेहतर दृश्य देखने के लिए 60 स्क्रीन भी लगाई गई हैं।

वायुसेना का एयर शो होगा सबसे बड़ा आकर्षण

इस वर्ष राज्योत्सव का सबसे रोमांचक आकर्षण भारतीय वायुसेना का एयर शो रहने वाला है। इसमें वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर टीम और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएगी।

जानकारी के अनुसार, सेंध लेक के समीप लगभग 40 मिनट तक हवाई प्रदर्शन किया जाएगा। सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टर अभ्यास कर चुके हैं, जबकि नौ विमान आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इस एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

26 विभागों की प्रदर्शनी में दिखेगी विकास की तस्वीर

राज्योत्सव परिसर में राज्य सरकार के 26 विभागों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। इन प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

देश के विभिन्न हिस्सों से आए कारीगरों ने भी आयोजन परिसर को आकर्षक रूप दिया है। यहां लोगों को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा को गौरवपूर्ण बताया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व से अलग छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ।

सुरक्षा और यातायात के लिए व्यापक इंतजाम

राज्योत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। वाहनों की आवाजाही के लिए छह अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। वहीं, लगभग 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भीड़ प्रबंधन के लिए दो प्रमुख प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।

आयोजन स्थल पर दर्शकों की सुविधा के लिए 300 अस्थायी शौचालय तैयार किए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत 20 बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया गया है, जिसमें आईसीयू की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए 25 एंबुलेंस तैनात रखने की व्यवस्था की गई है।

तीन दिनों तक उत्सव के रंग में रंगेगा छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ का 26वां स्थापना दिवस केवल एक सरकारी समारोह नहीं, बल्कि प्रदेश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक पहचान और भविष्य की संभावनाओं को प्रदर्शित करने का अवसर है। ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ की थीम के साथ आयोजित यह राज्योत्सव महिला सशक्तिकरण और युवाओं की भागीदारी का संदेश भी देगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, एयर शो, विकास प्रदर्शनी और सम्मान समारोह के जरिए छत्तीसगढ़ की गौरवगाथा देखने को मिलेगी।