पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित बीडी पांडे जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में अस्पताल के एक बेड पर आवारा कुत्ता सोता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं अस्पताल में मरीजों को बेड की कमी के चलते बरामदे में सोने की नौबत आने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि यह मामला अस्पताल के पेइंग वार्ड से जुड़ा है, जहां मरीजों से बेड के लिए 250 रुपये तक शुल्क लिया जाता है। बीडीसी सदस्य रमेश धामी अपनी मां बसंती देवी का टायफाइड का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अस्पताल की स्थिति का वीडियो बनाया, जिसमें बेड पर कुत्ता सोता नजर आया।
वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से वायरल हुआ और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे। जानकारी के मुताबिक, मामले की सूचना मिलने के बाद पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने देर रात अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में कई स्तर पर अव्यवस्थाएं सामने आने की बात कही जा रही है।
निरीक्षण के दौरान नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात पीआरडी जवानों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे। अस्पताल में डॉक्टरों की कमी की समस्या भी बताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, यहां हार्ट स्पेशलिस्ट और न्यूरो सर्जन उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण गंभीर मरीजों को इलाज के लिए हल्द्वानी, देहरादून या दिल्ली का रुख करना पड़ता है।
एक तरफ मरीजों को अस्पताल में बेड के लिए परेशान होना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ मरीजों के लिए निर्धारित बेड पर आवारा कुत्ते के सोने का वीडियो सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।









