रायपुर। छत्तीसगढ़ की भाषा, संस्कृति और साहित्यिक विरासत को समर्पित छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आज 28 नवंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी साहित्य की 14 पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा और भाषा-साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।

सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित समारोह का शुभारंभ सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे।

14 पुस्तकों का होगा विमोचन

समारोह में छत्तीसगढ़ी साहित्य की विभिन्न विधाओं से जुड़ी 14 कृतियों का विमोचन किया जाएगा। इनमें ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, ‘माटी के लाल’, ‘आखर अउ अंजोर’, ‘उधारी के सुवासा’ और ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’ जैसी पुस्तकें शामिल हैं।

इन पुस्तकों में प्रदेश की लोकसंस्कृति, परंपराओं, सामाजिक जीवन और साहित्यिक पहचान को अभिव्यक्त किया गया है।

पांच साहित्यकारों को मिलेगा सम्मान

छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य के संरक्षण और संवर्धन में योगदान देने वाले मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, सुधा देवांगन, सुदामा राम गुप्ता, ईश्वर साहू ‘बंधी’ और गोविंद धनगर को सम्मानित किया जाएगा।

साहित्यिक परिचर्चा और कवि सम्मेलन

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में दोपहर 1 बजे से ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर साहित्यिक परिचर्चा आयोजित होगी। यह परिचर्चा दिवंगत साहित्यकार डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रहेगी।

इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन होगा, जिसमें कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ की माटी, लोकजीवन और सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत करेंगे।

छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस प्रदेश की मातृभाषा के गौरव को बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।