मनोरंजन डेस्क। इमरान हाशमी की पहचान लंबे समय तक बोल्ड और रोमांटिक फिल्मों के अभिनेता के तौर पर रही, लेकिन आवारापन ने उनके अभिनय का एक अलग पक्ष दर्शकों के सामने रखा था। शिवम पंडित के दर्द, प्यार और जुनून ने इस किरदार को यादगार बना दिया। करीब दो दशक बाद आवारापन 2 में वही किरदार एक नए मिशन के साथ लौट आया है। फिल्म में इमरान का अंदाज अब भी असरदार है, लेकिन इस बार कहानी दर्शकों को उतना गहराई से अपने साथ नहीं जोड़ पाती।
इस बार मिशन बड़ा, लेकिन कहानी कमजोर
फिल्म की शुरुआत शिवम पंडित की एक शांत और गुमनाम जिंदगी से होती है। परिस्थितियां उसे फिर अपराध की दुनिया के बीच खींच लाती हैं। बैंकॉक में बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने के मिशन में शिवम शामिल होता है।
मासूम बच्चों को इस गिरोह के चंगुल से निकालना उसके लिए सिर्फ एक मिशन नहीं रहता। अनाथ बच्ची आलिया से उसका भावनात्मक रिश्ता कहानी को निजी रंग देता है। इसी मिशन के दौरान शिवम खतरनाक गैंगस्टर नफीसा और उसके विरोधी गुट के बीच फंस जाता है।
जोरावर का भरोसा हासिल करने के लिए शिवम जिस दुनिया में प्रवेश करता है, वहां रिश्ते, अपराध और धोखे एक-दूसरे से उलझते चले जाते हैं।
इमरान के अभिनय में अब भी वही धार
फिल्म का सबसे भरोसेमंद चेहरा इमरान हाशमी हैं। शिवम पंडित के किरदार में उनकी आंखों का गुस्सा, दर्द और खामोशी कई दृश्यों में फिल्म की कमजोरियों पर भारी पड़ती है। खासकर भावनात्मक दृश्यों में इमरान का अभिनय फिल्म को संभालता नजर आता है।
लेकिन अभिनेता की इस मजबूत परफॉर्मेंस को कहानी वैसा प्लेटफॉर्म नहीं दे पाती, जिसकी जरूरत थी। फिल्म कई बार एक्शन से इमोशन और फिर गैंगवार की तरफ इतनी तेजी से जाती है कि दर्शक किरदारों की भावनाओं से पूरी तरह जुड़ नहीं पाता।
नॉस्टैल्जिया पर ज्यादा भरोसा
आवारापन 2 में पहली फिल्म की यादों को जगाने की कोशिश साफ दिखाई देती है। डार्क लोकेशन, बारिश, एक्शन और पुराने किरदार की छवि को दोबारा इस्तेमाल किया गया है। लेकिन किसी सफल फिल्म की शैली को दोहराना और उसकी आत्मा को दोबारा पर्दे पर उतारना दो अलग बातें हैं।
यही अंतर इस सीक्वल में महसूस होता है। पहली फिल्म जहां अपने दर्द और संगीत के कारण दर्शकों के दिल में जगह बना गई थी, वहीं दूसरी फिल्म ज्यादा मसाला और गैंगवार पर निर्भर दिखाई देती है।
संगीत नहीं दे पाया पुरानी फिल्म जैसा असर
आवारापन की सबसे बड़ी यादों में उसके गाने शामिल हैं। इस बार भी संगीत पर काफी मेहनत की गई है, लेकिन नए गीत उस भावनात्मक ऊंचाई तक नहीं पहुंच पाते। कई जगह ऐसा लगता है कि गाने कहानी को मजबूती देने के बजाय उसकी रफ्तार रोक रहे हैं।
शबाना आजमी और दिशा पाटनी
शबाना आजमी नफीसा के किरदार में अपनी मौजूदगी से असर छोड़ती हैं। उनका अभिनय मजबूत है, मगर किरदार को पर्याप्त विस्तार नहीं दिया गया। दिशा पाटनी फिल्म में ग्लैमर फैक्टर जोड़ती हैं, जबकि पूरण गब्बी को अपेक्षाकृत ज्यादा मौका मिला है। हालांकि उनका किरदार कई जगह जरूरत से ज्यादा आक्रामक और लाउड लगता है।
फैसला
आवारापन 2 पूरी तरह खराब फिल्म नहीं है। इसमें इमरान हाशमी का अभिनय, कुछ एक्शन सीक्वेंस और पुराने किरदार से जुड़ा नॉस्टैल्जिया दर्शकों को आकर्षित कर सकता है। लेकिन कमजोर कहानी, साधारण स्क्रीनप्ले और पहली फिल्म के संगीत जैसा असर न होना इसकी राह रोक देता है।
रेटिंग: ★★½/5
किसके लिए: इमरान हाशमी और आवारापन के पुराने प्रशंसकों के लिए। नए दर्शकों को फिल्म से बहुत ज्यादा उम्मीद लेकर नहीं जाना








