छत्तीसगढ़ की गोल्डन बेटी संजू देवी को मिलेंगे 51 लाख, CM साय ने किया बड़ा ऐलान; एशियन गेम्स में भारत को दिलाया स्वर्ण
रायपुर, 28 सितंबर 2026। एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की खिलाड़ी संजू देवी को राज्य सरकार 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में संजू देवी से मुलाकात के दौरान यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने संजू देवी को एशियन गेम्स में शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि संजू देवी ने अपने खेल, मेहनत और दृढ़ संकल्प के जरिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के साथ पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
जापान में भारत ने जीता गोल्ड
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने फाइनल में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस टीम में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी भी शामिल थीं। इससे पहले 26 सितंबर को मुख्यमंत्री ने फोन पर उनसे बात कर इस उपलब्धि के लिए बधाई दी थी।
मुख्यमंत्री निवास में हुआ सम्मान
भारत लौटने के बाद संजू देवी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध हों, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
कोरबा की बेटी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान
संजू देवी कोरबा जिले से आती हैं और भारतीय महिला कबड्डी टीम का हिस्सा हैं। उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का सिलसिला पहले से जारी है। अप्रैल 2026 में कबड्डी विश्व कप और एशियन चैंपियनशिप में प्रदर्शन के लिए राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने उन्हें 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की थी।
अब एशियन गेम्स में भारतीय टीम के स्वर्ण पदक के बाद मुख्यमंत्री द्वारा अलग से 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि की घोषणा की गई है।
संजू देवी ने राज्य सरकार से मिले सम्मान और प्रोत्साहन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग उन्हें आने वाली प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

