बिलासपुर।बहतराई स्थित स्व. बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केन्द्र में बुधवार को खेल प्रतिभाओं का बड़ा मंच सज गया। उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के पांच संभागों से पहुंचे 571 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
शुभारंभ अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री साव ने विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली और गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का आगाज किया। प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था।
बहतराई की मिट्टी ने दिए देश को कई सितारे:अरुण साव

खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि “बहतराई की खेल भूमि केवल मैदान नहीं, बल्कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को तराशने वाली धरती है। इस मैदान ने देश और प्रदेश को कई प्रतिभावान खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने बताया कि इसी मैदान पर खेलकर संजू देवी ने एशियन गेम्स कबड्डी में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि मधु सिदार और गीता यादव ने अंडर-19 महिला हॉकी में देश का गौरव बढ़ाया।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश “जो खेलेगा, वही खिलेगा” का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना, आत्मविश्वास और मेहनत के साथ प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
हार नहीं, सीख लेकर आगे बढ़ना है : सुशांत शुक्ला
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है। खिलाड़ी या तो जीतता है या फिर सीखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर संसाधन, आधुनिक सुविधाएं और प्रशिक्षण की जरूरत है।”
विधायक ने बहतराई खेल परिसर के उन्नयन पर जोर देते हुए इसे मध्य भारत के उत्कृष्ट खेल संस्थानों में विकसित करने की आवश्यकता बताई।
छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री कन्या विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने भारत माता वंदना सहित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। तपती धूप के बीच छात्राओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। छात्राओं के उत्साह और शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
10 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 10 अक्टूबर तक चलेगी। प्रतियोगिता के अंतर्गत 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की तीरंदाजी, 19 वर्ष आयु वर्ग की हॉकी तथा 19 वर्ष बालक वर्ग की कबड्डी के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों के बीच मुकाबले बहतराई के एस्ट्रोटर्फ, इंडोर स्टेडियम और तीरंदाजी मैदान में होंगे।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री संदीप पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

