रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ को प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म देखी। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया।
इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ विभिन्न निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश के दर्शकों, खासकर युवाओं को भारतीय संत परंपरा और उससे जुड़े जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का संदेश दिया है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन मानव सेवा को ईश्वर सेवा के रूप में देखने की सीख देता है।

उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल जीवन के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव को विशेष महत्व दिया गया। मुख्यमंत्री के मुताबिक आज भी उनके विचार समाज को सकारात्मक दिशा देने में प्रासंगिक हैं।
सीएम साय ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा भी पहुंचाई जा सकती है। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
गौरतलब है कि ‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है।

