चिरमिरी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एमसीबी जिले के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली है। जिला चिकित्सालय चिरमिरी में अटल आरोग्य लैब और डेंटल यूनिट का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फीता काटकर किया। नई सुविधाओं के शुरू होने से अब मरीजों को जिला अस्पताल में ही 136 प्रकार की जांचों के साथ दांत और मुंह से जुड़ी बीमारियों के उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

एक ही जगह 136 तरह की जांच

अटल आरोग्य लैब शुरू होने के बाद जिला अस्पताल में जांच सुविधाओं का दायरा काफी बढ़ गया है। लैब में रक्त, जैव-रासायनिक, हार्मोन, संक्रमण और अन्य जरूरी जांचें उपलब्ध होंगी। इनमें CBC, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, यूरिया, क्रिएटिनिन, लिवर फंक्शन टेस्ट, लिपिड प्रोफाइल, इलेक्ट्रोलाइट्स, T3, T4, TSH, ESR, HbA1c, डेंगू और मलेरिया समेत कई जांच शामिल हैं।

इन सुविधाओं का सबसे बड़ा फायदा चिरमिरी के साथ आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को मिलेगा। अब सामान्य और कई महत्वपूर्ण जांचों के लिए मरीजों को निजी लैब या दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

बीमारी की जल्द पहचान में मिलेगी मदद

अटल आरोग्य लैब में उपलब्ध जांचों से मधुमेह, एनीमिया, किडनी और लिवर संबंधी बीमारियों, थायरॉयड और विभिन्न संक्रमणों की पहचान में चिकित्सकों को मदद मिलेगी। समय पर जांच होने से बीमारी का शुरुआती स्तर पर पता लगाने और मरीज के लिए उपचार की दिशा तय करने में भी आसानी होगी।

दांतों के इलाज के लिए भी अब जिला अस्पताल में सुविधा

लैब के साथ जिला चिकित्सालय में डेंटल यूनिट की भी शुरुआत की गई है। इससे दांत और मुंह से संबंधित सामान्य समस्याओं के इलाज के लिए मरीजों को अलग-अलग जगह भटकने की जरूरत नहीं होगी।

डेंटल यूनिट में दांत दर्द, कैविटी, दांतों की सड़न, मसूड़ों की बीमारी, दांतों से खून आना, दांतों की सफाई, संक्रमण और दांतों की संवेदनशीलता जैसी समस्याओं की जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- जिला स्तर पर मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को केवल बड़े शहरों तक सीमित रखना नहीं है। जिला स्तर पर ही लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक जांच सुविधाएं बीमारी की समय पर पहचान और बेहतर उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नई सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ आम मरीजों तक पहुंचे और व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों।

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “15 अगस्त को अंग्रेजों की गुलामी हटी थी, अब बीमारियों की गुलामी हटेगी।” उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

ग्रामीण मरीजों को सबसे ज्यादा राहत

चिरमिरी और आसपास के ग्रामीण व दूरस्थ इलाकों से जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के लिए यह सुविधा काफी अहम मानी जा रही है। एक ही अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श के साथ बड़ी संख्या में पैथोलॉजी जांच और दंत चिकित्सा की सुविधा मिलने से मरीजों के समय और अतिरिक्त खर्च दोनों की बचत होगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

शुभारंभ कार्यक्रम में एमसीबी कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, चिरमिरी महापौर राम नरेश राय, सभापति संतोष सिंह, डीपीएम शिशिर जायसवाल, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेंद्र राय, बीएमओ डॉ. मनीष सिंह सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा मंडल पदाधिकारी, चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी और जिला अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा।