बिलासपुर। शहर को स्मार्ट सिटी बनाने और स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन नगर निगम के वार्ड क्रमांक 7 स्थित कालिका नगर की तस्वीर इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। यहां पिछले करीब 15 वर्षों से सड़क और नालियों की बदहाली दूर नहीं हो सकी है। हालात ऐसे हैं कि मोहल्लेवासियों के लिए अपने ही घरों से निकलना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।
कालिका नगर की गलियों में नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं। सफाई के अभाव में नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। जगह-जगह कीचड़, कचरे और मलबे का ढेर लगा हुआ है। टूटी नालियों के स्लैब और उबड़-खाबड़ रास्तों ने आवागमन को जोखिम भरा बना दिया है। आए दिन राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर गिरने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
गंदी नालियों के बीच से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन, बीमारी का खतरा
मोहल्ले की सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि पेयजल की पाइपलाइन गंदी नालियों के बीच से गुजर रही है। ऐसे में स्थानीय लोगों को पेयजल की स्वच्छता को लेकर भी चिंता सता रही है। नालियों में प्लास्टिक, कचरा और गाद जमा होने से जल निकासी बाधित है। बदबू और गंदगी के कारण रहवासियों का घरों में रहना तक मुश्किल हो रहा है।
अतिक्रमण और मलबे ने गलियों को बनाया संकरा
समस्या सिर्फ सड़क और नाली तक सीमित नहीं है। गलियों में निर्माण सामग्री, ईंट-पत्थर और कचरे के ढेर के साथ अतिक्रमण ने भी परेशानी बढ़ा दी है। कुछ स्थानों पर घरों के चबूतरे सड़क की ओर बढ़ा दिए गए हैं। नतीजतन गलियां इतनी संकरी हो गई हैं कि आमने-सामने से दो वाहन निकलना भी मुश्किल हो जाता है। मवेशियों का जमावड़ा स्थिति को और बदतर बना रहा है।
15 साल से शिकायत, फिर भी स्थायी समाधान नहीं
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि वे वर्षों से सड़क, नाली और सफाई की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार शिकायत और गुहार लगाने के बावजूद उन्हें स्थायी राहत नहीं मिल सकी। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है।
रहवासी पुष्पा तिवारी ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से मोहल्ले में नाली का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। फिसलन के कारण बाइक चालक और बुजुर्ग आए दिन गिरकर चोटिल होते हैं। वहीं करूणा ने गलियों में मलबे और अतिक्रमण के कारण रास्ता संकरा होने की समस्या उठाई। मीना मानिकपुरी ने नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और पेयजल पाइपलाइन के गंदी नाली से गुजरने पर चिंता जताई।
पार्षद ने माना समस्या, प्रस्ताव भेजने का दावा
वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद श्याम कार्तिक वर्मा ने स्वीकार किया है कि सड़क और नाली की समस्या उनके संज्ञान में है। उनका कहना है कि नाली निर्माण और सड़क के डामरीकरण अथवा कांक्रीटीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर नगर निगम प्रशासन को भेजा गया है। सफाई कर्मचारियों को निर्देशित कर जल्द नालियों की सफाई और मलबा हटवाने की कार्रवाई कराने की बात भी कही गई है।


