बिलासपुर। शहर के हाईवे अब सुरक्षित सफर के बजाय हादसों का खतरा बनते जा रहे हैं। सड़कों पर बेतरतीब खड़े ट्रक और अन्य भारी वाहन लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि यातायात और पुलिस विभाग द्वारा अभियान चलाने तथा चालानी कार्रवाई किए जाने के बावजूद अवैध पार्किंग का सिलसिला थम नहीं रहा है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गुम्बर चौक से बन्नाक चौक तक देखने को मिल रहा है, जहां हाईवे के दोनों ओर कई किलोमीटर तक भारी वाहन खड़े रहते हैं।

हाईवे पर बैरिकेड्स लगाकर बना ली निजी पार्किंग!

इस मार्ग पर नामी कंपनियों, शोरूम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों पर हाईवे की जमीन को निजी पार्किंग की तरह इस्तेमाल करने के आरोप लग रहे हैं। कहीं बैरिकेड्स लगाकर पार्किंग जैसी व्यवस्था बना ली गई है, तो कहीं सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है। सुबह से देर रात तक यही स्थिति बनी रहने से हाईवे का बड़ा हिस्सा वाहनों की पार्किंग में घिरा रहता है।

सवाल यह है कि आम जनता के आवागमन के लिए बनी सड़क पर इस तरह पार्किंग की व्यवस्था किसकी अनुमति से चल रही है? क्या संबंधित प्रतिष्ठानों के पास अपने वाहनों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त निजी पार्किंग नहीं है, या फिर हाईवे को ही उनकी सुविधा का स्थायी ठिकाना बना दिया गया है?

भरारी में गई एक जान, फिर भी नहीं सुधर रही व्यवस्था

बुधवार को बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर भरारी के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अंधेरे में सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे बाइक जा घुसी। दुर्घटना में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सिम्स रेफर किया गया।

यह हादसा एक बार फिर सड़क पर खड़े भारी वाहनों से पैदा होने वाले खतरे की ओर ध्यान खींचता है। जब हाईवे पर वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े रहते हैं, तो रात के अंधेरे में दूसरे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का जोखिम और बढ़ जाता है।

पहले भी हो चुके हैं गंभीर हादसे, जिम्मेदारों को जानकारी फिर भी पार्किंग का खेल जारी

गुम्बर चौक से बन्नाक चौक के बीच की स्थिति कोई नई समस्या नहीं बताई जा रही है। इस मार्ग पर पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं और लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद वर्षों से चली आ रही अवैध पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान दिखाई नहीं देता।

जिले के जिम्मेदार अधिकारियों को इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद सड़क पर वाहनों का जमावड़ा जारी रहना कई सवाल खड़े करता है। आखिर रसूखदार प्रतिष्ठानों के सामने नियम-कानून बेअसर क्यों नजर आते हैं? क्या आम वाहन चालकों के लिए नियम अलग हैं और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए अलग?

यातायात विभाग और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

सबसे बड़ा सवाल यातायात विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर है। समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं, चालान काटे जाते हैं और यातायात व्यवस्था सुधारने के दावे किए जाते हैं, लेकिन यदि सड़कें अब भी अवैध पार्किंग से मुक्त नहीं हो पा रही हैं तो इन कार्रवाइयों का क्या औचित्य रह जाता है?

सिर्फ चालानी कार्रवाई से इस समस्या का समाधान संभव नहीं है। सड़क घेरकर पार्किंग बनाने वालों के खिलाफ ऐसी ठोस कार्रवाई की जरूरत है, जिससे दोबारा हाईवे पर इस तरह वाहनों का जमावड़ा न हो सके।

अब प्रशासन से जवाब और स्थायी कार्रवाई की उम्मीद

सिरगिट्टी के गुम्बर चौक से बन्नाक चौक तक हाईवे को अवैध पार्किंग से मुक्त कराने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। साथ ही जिले के अन्य हाईवे मार्गों पर भी ऐसी स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

आखिर सड़क जनता के सुरक्षित आवागमन के लिए है या किसी कंपनी और शोरूम की निजी पार्किंग के लिए?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस मार्ग पर खड़े वाहनों के चलते भविष्य में होने वाली किसी और दुर्घटना में यदि किसी की जान जाती है, तो उसका जिम्मेदार कौन होगा? रसूखदार प्रतिष्ठान संचालक या फिर जिम्मेदार विभाग?

अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब जागता है और हाईवे को अवैध पार्किंग के कब्जे से कब मुक्त कराता है।