मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस रामकृष्ण महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की खंडपीठ में हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने सरकार के पुराने आश्वासनों और वर्तमान रुख के बीच विरोधाभास पर गंभीर सवाल उठाए।
9 साल से सुनवाई, फिर भी विकास का इंतजार
बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने की मांग लंबे समय से उठ रही है। इस संबंध में दायर जनहित याचिकाओं पर पिछले करीब 9 वर्षों से सुनवाई चल रही है। अदालत के सामने यह तथ्य रखा गया कि राज्य सरकार पहले भी कई बार एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने का भरोसा दे चुकी है।
17 फरवरी 2023 से लेकर 2026 तक पारित न्यायालयीन आदेशों में भी सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख है। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव ने 2026 के आदेश का हवाला देते हुए सरकार के पुराने वादों की याद दिलाई।
103 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मंत्रालय में अटके!
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने सरकार के फंड संबंधी तर्क पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट को 4C श्रेणी के अनुरूप विकसित करने के लिए रनवे विस्तार पर लगभग 63 करोड़ रुपये और नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर के निर्माण पर लगभग 40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
दोनों प्रस्ताव पिछले पांच महीनों से मंत्रालय स्तर पर लंबित बताए गए। यानी लगभग 103 करोड़ रुपये के इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलने से एयरपोर्ट के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण काम आगे बढ़ सकता है।
सरकार का तर्क- यात्री कम, उड़ानों में हो रहा नुकसान
दूसरी ओर राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने अदालत में दलील दी कि बिलासपुर एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या कम है और यहां उड़ानों के संचालन में सरकार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सरकार का तर्क था कि एयरलाइन कंपनियां बड़े विमानों और अधिक उड़ानों के संचालन का भरोसा दें, तभी 4C श्रेणी में विकास की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
इस पर हाईकोर्ट ने सवाल उठाया कि जब एयरपोर्ट का बुनियादी ढांचा ही विकसित नहीं होगा तो एयरलाइंस यहां बड़े विमानों का संचालन कैसे शुरू करेंगी?
हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणी- एयरपोर्ट बंद करना चाहते हैं क्या?
सरकार की ओर से बार-बार फंड और एयरलाइंस के कमिटमेंट का मुद्दा उठाए जाने पर खंडपीठ ने नाराजगी जाहिर की। अदालत ने टिप्पणी की कि राज्य सरकार के रुख से ऐसा प्रतीत होता है कि वह बिलासपुर एयरपोर्ट को बंद करना चाहती है।
कोर्ट ने यह भी सवाल किया कि यदि राज्य सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं करना चाहती तो इसे पूरी तरह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को क्यों नहीं सौंप दिया जाता?
सरकार और AAI से मांगा स्पष्ट जवाब
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया दोनों को बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास और संचालन को लेकर अपना स्पष्ट रुख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अब निगाहें सरकार और AAI के अगले जवाब पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या न्यायधानी के एयरपोर्ट को बड़े विमानों और बेहतर हवाई कनेक्टिविटी के अनुरूप विकसित करने का रास्ता खुलेगा या फिर बिलासपुर की हवाई सुविधाएं सरकारी फाइलों और बजट के तर्कों के बीच ही उलझी रहेंगी?


