छुईखदान/खैरागढ़। जनपद पंचायत छुईखदान में एकअराजपत्रित और तृतीय श्रेणी की कर्मचारी को सीईओ का वित्तीय प्रभार देना सरकार के लिए गले की हड्डी बन गया है। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने इस अवैधानिक नियुक्ति को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव पंचायत, सचिव वित्त, संचालक पंचायत, कलेक्टर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और अराजपत्रित तृतीय श्रेणी कर्मचारी श्रीमति केश्वरी देवांगन सहित 9 पक्षकारों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। सरकारी वकील ने शासन सहित 6 का नोटिस एक्सेप्ट कर लिया है।

कानूनी रूप से क्यों अवैध है यह नियुक्ति ?

याचिका में अधिवक्ता सैय्यद इशहादिल अली ने हाई कोर्ट के समक्ष 3 ठोस कानूनी आधार रखे हैं, जो सरकार को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं -

1. शासन के अपने परिपत्र का उल्लंघन: शासन के वित्त विभाग के परिपत्र दिनांक 21.07.2025 में स्पष्ट है कि किसी भी अराजपत्रित (Non-Gazetted) / तृतीय श्रेणी कर्मचारी को कोषालय (Treasury), वित्तीय (Financial), कार्यालय प्रमुख (Head of Office) और DDO के अधिकार नहीं दिए जा सकते। इसके बावजूद तृतीय श्रेणी कर्मचारी श्रीमती केश्वरी देवांगन को ये सारे अधिकार दे दिए गए। वे एक अराजपत्रित कर्मचारी भी हैं l

2. दो आदेश, दोनों अवैधानिक: पहला आदेश 29.09.2025 (नियुक्ति) और दूसरा आदेश 06.10.2025 (कलेक्टर की अनुशंसा पर जिला सीईओ प्रेम कुमार पटेल द्वारा संपूर्ण प्रभार व वित्तीय अधिकार) दोनों ही विधि की दृष्टि में Ultra Vires - यानी अधिकार क्षेत्र से बाहर और शून्य (Void ab initio) हैं।

3. वित्तीय अनियमितता का सीधा रास्ता: जब DDO पावर ही अवैधानिक व्यक्ति के पास है, तो उसके द्वारा किया गया हर भुगतान, हर निविदा, हर बिल - छत्तीसगढ़ वित्तीय संहिता और कोषालय संहिता के तहत अवैध माना जाएगा। जिला कोषालय अधिकारी संदीप वर्मा द्वारा ऐसे व्यक्ति को वित्तीय अधिकार देना भी नियमों का घोर उल्लंघन है।

सरकार और संगठन को भारी नुकसान -

यह मामला अब सिर्फ प्रशासनिक नहीं, बल्कि भाजपा सरकार और संगठन के लिए राजनीतिक रूप से आत्मघाती बन गया है -

*क.* भाजपा की ही सरकार में भाजपा के ही निर्वाचित जनपद सदस्यों को अपनी ही सरकार के आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट जाना पड़ा। यह सरकार पर जनप्रतिनिधियों के अविश्वास और प्रशासनिक निरंकुशता को दर्शाता है।

ख. खैरागढ़- छुईखदान- गंडई जिले में पांडादाह मंडल में कार्यकर्ताओं के इस्तीफे के बाद अब छुईखदान जनपद पंचायत के सदस्यों का हाई कोर्ट जाना - इससे संगठन में यह संदेश जा रहा है कि लगातार ज्ञापन देने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही। इससे कार्यकर्ताओं में भारी रोष और संगठन में टूट की स्थिति है।

ग. विपक्ष को मिला बड़ा मुद्दा - कांग्रेस सहित विपक्ष को यह कहने का मौका मिल गया है कि भाजपा सरकार में नियम-कानून की जगह पसंद के तृतीय श्रेणी कर्मचारी , (जोकि एक अराजपत्रित कर्मचारी है) शासन चला रहे हैं और भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया जा रहा है।

घ. अविश्वास प्रस्ताव तक पहुंचा मामला - सूत्रों के अनुसार प्रभारी सीईओ को बचाने के चक्कर में अब जनपद अध्यक्ष के खिलाफ ही अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी है, जिससे जनपद में भाजपा की ही सरकार गिरने का खतरा बन गया है।

हाई कोर्ट में नोटिस जारी होते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है। यदि कोर्ट ने दोनों आदेशों को निरस्त किया तो अब तक हुए सभी वित्तीय लेन-देन की वसूली और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय है, जो सरकार के लिए बड़ी कानूनी और राजनीतिक हार होगी।