बिलासपुर। शहर की व्यवस्था सुधारने और विकास को गति देने की जिम्मेदारी जिस नगर निगम पर है, उसकी अपनी कार्यप्रणाली ही अब सवालों के घेरे में है। अधिकारियों की कमी का हवाला देने वाले नगर निगम में महत्वपूर्ण और मलाईदार विभागों की जिम्मेदारी कुछ चुनिंदा चेहरों तक सिमटने के आरोप लग रहे हैं। स्थापना शाखा, जोन कमिश्नर, स्वास्थ्य विभाग, सफाई व्यवस्था और भुगतान से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि एक अधिकारी के पास आधा दर्जन तक महत्वपूर्ण प्रभार हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या निगम में योग्य अधिकारियों की कमी है या फिर प्रशासनिक व्यवस्था कुछ चुनिंदा अधिकारियों के इर्द-गिर्द ही घूम रही है?

नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल केवल विभागीय बंटवारे तक सीमित नहीं हैं। पौधरोपण अभियान, सफाई कंपनियों के ठेके, सरकारी जमीन, निर्माण कार्यों और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर भी कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। शहर की जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है, जबकि निगम के भीतर जिम्मेदारियों और संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर विवाद खड़े हो रहे हैं।

मलाईदार विभागों पर चंद अधिकारियों का दबदबा!

नगर निगम की स्थापना शाखा, जोन कमिश्नर का प्रभार, स्वास्थ्य विभाग, सफाई व्यवस्था और भुगतान से जुड़ी शाखाएं प्रशासनिक एवं आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। इन विभागों के माध्यम से नियुक्तियों, कार्य आवंटन, ठेकों की निगरानी, भुगतान और प्रशासनिक निर्णयों से जुड़े काम होते हैं।

आरोप है कि इन महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियां कुछ चुनिंदा अधिकारियों के बीच ही केंद्रित हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या जिम्मेदारियों का बंटवारा प्रशासनिक आवश्यकता और योग्यता के आधार पर किया जा रहा है या फिर पसंद और आपसी तालमेल को प्राथमिकता मिल रही है?

एक ही अधिकारी के पास कई महत्वपूर्ण विभाग होने से निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। आखिर निगम में दूसरे अधिकारियों को जिम्मेदारी देने में परेशानी क्या है? क्या विभागों का विकेंद्रीकरण नहीं किया जा सकता?

शहर के लिए आए 1001 पौधे, अधिकारियों की कॉलोनियों में पहुंचने के आरोप!

नगर निगम ने पिछले महीने शहर को हरा-भरा बनाने के लिए पौधरोपण अभियान चलाया था। जानकारी के मुताबिक, सीएसआर मद से करीब 1001 पौधे प्राप्त हुए थे। लेकिन इन पौधों के वितरण और इस्तेमाल को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।

आरोप है कि पौधरोपण अभियान के दौरान अधिकारियों ने अपने आवासीय क्षेत्रों और कॉलोनियों को प्राथमिकता दी। छह फीट से अधिक ऊंचाई वाले पाइप सहित बड़े पौधे उन इलाकों में लगाए जाने की बात सामने आई है, जहां अधिकारियों के नए आवास बने हैं। गोकुलधाम क्षेत्र में भी पौधरोपण किए जाने की जानकारी सामने आई है।

अब सवाल यह है कि शहर के सार्वजनिक उद्यानों, सड़कों के किनारे और उन वार्डों में कितने पौधे लगाए गए, जहां हरियाली की वास्तविक जरूरत है? सीएसआर से मिले पौधों का वार्डवार वितरण रिकॉर्ड क्या है? उनकी देखरेख कौन कर रहा है और कितने पौधे अब तक सुरक्षित हैं?

शहर को हरा-भरा बनाने के नाम पर आए पौधों का लाभ यदि चुनिंदा आवासीय क्षेत्रों तक सीमित रह गया है, तो इस पूरे अभियान की निष्पक्ष समीक्षा जरूरी है।

सफाई कंपनियों को भुगतान, लेकिन शहर में सफाई कहां?

नगर निगम की सफाई व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। सफाई का जिम्मा बड़ी कंपनियों को सौंपे जाने के बावजूद शहर के कई इलाकों में नियमित सफाई को लेकर नागरिक शिकायतें करते रहे हैं।

आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी ही सफाई व्यवस्था से जुड़ी कंपनियों के भुगतान की प्रक्रिया भी देखते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि कंपनियों के काम का स्वतंत्र मूल्यांकन कौन करता है? कितने कर्मचारी प्रतिदिन मैदान में काम कर रहे हैं? कितने वाहन लगाए जा रहे हैं और सफाई के नाम पर होने वाले भुगतान की पुष्टि किस आधार पर की जाती है?

बिलासपुर प्रवास के दौरान नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के सामने भी पत्रकारों ने सफाई कंपनियों की कार्यप्रणाली का मुद्दा उठाया था। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार को लेकर सवाल बने हुए हैं।

ठेकेदारों का काम या अधिकारियों का प्रभाव?

नगर निगम के ठेकों को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं और आरोप सामने आ रहे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि कुछ प्रभावशाली अधिकारियों के आसपास ठेकेदारों का ऐसा तंत्र सक्रिय है, जहां काम और सुविधाओं को लेकर पक्षपात की शिकायतें हैं।

निगम के ठेकों में पारदर्शिता, कार्यों की गुणवत्ता और भुगतान की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। सवाल यह है कि क्या सभी ठेके नियमों के अनुसार दिए जा रहे हैं? क्या काम पूरा होने के बाद उसकी गुणवत्ता का स्वतंत्र परीक्षण होता है? क्या भुगतान वास्तविक कार्य के अनुपात में किया जाता है?

यदि ठेके और भुगतान से जुड़े मामलों की दस्तावेजी जांच कराई जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

जेसीबी-ट्रैक्टर बिक्री प्रकरण की जांच का क्या हुआ?

एक अधिकारी को लेकर तिफरा में पदस्थापना के दौरान जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की बिक्री से संबंधित आरोप भी चर्चा में रहे हैं। इस मामले में जांच की बात सामने आती रही है, लेकिन जांच का अंतिम परिणाम सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं है।

सवाल यह है कि जांच कहां तक पहुंची? क्या जिम्मेदारी तय हुई? क्या किसी तरह की कार्रवाई की गई या मामला अब भी फाइलों में उलझा हुआ है?

इसी अधिकारी के अधीनस्थ शाखाओं में रिश्तेदारों के कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम करने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। यदि नियुक्ति अथवा कार्य आवंटन में नियमों का उल्लंघन हुआ है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

सरकारी जमीन पर कब्जे का वीडियो वायरल, एक अधिकारी निलंबित

कुछ महीने पहले सरकारी जमीन से जुड़े कथित हेरफेर और कब्जे के मामले में एक वीडियो वायरल हुआ था। मामला सामने आने के बाद एक अधिकारी को निलंबित किए जाने की जानकारी भी सामने आई।

लेकिन सवाल यह है कि क्या कार्रवाई केवल एक अधिकारी तक सीमित रही? सरकारी जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी कैसे हुई? जमीन पर कब्जे से किसे लाभ मिला और इस पूरे मामले में अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच हुई या नहीं?

सरकारी और नजूल जमीनों की सुरक्षा नगर निगम एवं संबंधित प्रशासनिक विभागों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में केवल निलंबन पर्याप्त नहीं, बल्कि पूरे मामले की तह तक पहुंचकर जिम्मेदारी तय करना जरूरी है।

पुरस्कारों की चमक के पीछे शहर की बदहाल व्यवस्था?

नगर निगम को मिलने वाले पुरस्कार और सम्मान भी अब चर्चा में हैं। किसी भी नगर निगम की वास्तविक उपलब्धि पुरस्कार समारोहों में मिलने वाली ट्रॉफियों से नहीं, बल्कि शहर की सड़कों, सफाई, हरियाली और नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं से तय होती है।

यदि सफाई व्यवस्था पर सवाल हैं, पौधों के वितरण को लेकर विवाद है और सरकारी जमीन की सुरक्षा तक पर शिकायतें सामने आ रही हैं, तो निगम प्रशासन को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

कमिश्नर की निगरानी पर भी सवाल, आखिर किसकी जवाबदेही?

नगर निगम में कमिश्नर सर्वोच्च प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालते हैं। ऐसे में विभागों के बंटवारे, सफाई कंपनियों के काम, ठेकों की निगरानी, पौधरोपण और सरकारी जमीन की सुरक्षा जैसे मामलों में जवाबदेही तय करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।

यदि महत्वपूर्ण विभागों का कामकाज कुछ अधिकारियों तक सिमटा हुआ है, तो इसकी समीक्षा क्यों नहीं हो रही? क्या एक अधिकारी के पास आधा दर्जन महत्वपूर्ण प्रभार होने का कोई प्रशासनिक औचित्य है? क्या भुगतान और कार्यों की निगरानी के लिए पर्याप्त स्वतंत्र व्यवस्था है?

बिलासपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे ये सवाल अब केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शहर के विकास और जनता के पैसों के इस्तेमाल से भी जुड़े हैं।