बिलासपुर। शहर में बिकने वाले मंचूरियन, बिरयानी, मिठाई, चाट और अन्य फास्ट फूड को आकर्षक बनाने के लिए खतरनाक सिंथेटिक रंगों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। ग्राहकों को लुभाने के लिए खाद्य पदार्थों को गहरा लाल, पीला और नारंगी रंग देने के चक्कर में कुछ कारोबारी खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं। खासतौर पर सड़क किनारे संचालित होने वाले ठेले-खोमचे, चौपाटियों और रेस्टोरेंट में इस तरह की मिलावट की आशंका जताई जा रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अब जांच अभियान चलाने की तैयारी की है। विभाग की विशेष टीम शहर के होटल, रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड सेंटर और बाजारों में औचक निरीक्षण करेगी। इसके लिए चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (मोबाइल लैब) की मदद ली जाएगी। खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित या अमानक रंग मिलने पर संबंधित सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराने के साथ संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लिवर और किडनी पर पड़ सकता है गंभीर असर

सिम्स के एमएस एवं मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. लखन सिंह के अनुसार, खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले गैर-खाद्य सिंथेटिक रंग जैसे मेटानिल येलो, रोडामाइन-बी और लेड क्रोमेट स्वास्थ्य के लिए गंभीर नुकसानदेह हो सकते हैं। इनका लगातार सेवन शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को प्रभावित कर सकता है।

अमानक रासायनिक रंगों के सेवन से लिवर में सूजन, किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने और पाचन संबंधी समस्याओं का खतरा रहता है। कुछ प्रतिबंधित रासायनिक पदार्थों में कैंसरकारी गुण भी पाए गए हैं। इसके अलावा उल्टी-दस्त, एसिडिटी, एलर्जी, त्वचा पर चकत्ते, खुजली और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। बच्चों के मामले में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

एक महीने में कई नामी प्रतिष्ठानों के सैंपल फेल

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा पिछले दिनों की गई सैंपलिंग की जांच रिपोर्ट में शहर और आसपास के कई प्रतिष्ठानों के खाद्य नमूने अमानक पाए गए हैं। इनमें नेशनल डेयरी का पनीर, अलीमेंटो कैफे का पनीर, अलकार्ट का दही और पनीर, गरिमा फैमिली ढाबा की अंडा करी, रिलायंस रिटेल भाटापारा का चना एवं लाल किला पोहा शामिल हैं।

इसके अलावा अमृततुल्य फूड एवं बेवरेजेस का पनीर, सेलेस्टिस रेस्टोरेंट का पनीर, शौर्य सुपर मार्ट के अमूल एवं गोवर्धन घी तथा अपना मार्ट देवरीखुर्द के वचन घी के नमूने भी अमानक पाए गए हैं।

विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नोटिस जारी करने और प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। इन मामलों ने शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावटखोरी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मोबाइल लैब से होगी मौके पर जांच

आगामी अभियान के तहत शहर के प्रमुख बाजारों, चौपाटियों और व्यावसायिक क्षेत्रों में मोबाइल लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी। इसका उद्देश्य मौके पर ही खाद्य सामग्री की प्राथमिक जांच कर संदिग्ध मामलों की पहचान करना है। विशेष रूप से मिठाई, चाट, मंचूरियन, बिरयानी, ग्रेवी और अन्य रंगीन खाद्य पदार्थ जांच के दायरे में रहेंगे।

खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत केवल निर्धारित खाद्य रंगों का ही तय सीमा में इस्तेमाल किया जा सकता है। औद्योगिक रंग, कपड़े रंगने वाले रसायन अथवा प्रतिबंधित रंगों का खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल कानूनन अपराध है।

बेहद चमकदार रंग दिखे तो रहें सावधान

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक उपभोक्ताओं को भी खरीदारी के दौरान सावधानी बरतनी चाहिए। यदि किसी मिठाई, चाट या ग्रेवी का रंग असामान्य रूप से चमकदार और गहरा दिखाई देता है, तो सतर्क रहें। हालांकि केवल रंग देखकर मिलावट की पुष्टि नहीं की जा सकती। इसके लिए खाद्य पदार्थों की प्रयोगशाला में जांच जरूरी है।

खाद्य पदार्थों में मिलावट या प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल की आशंका होने पर उपभोक्ता खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में शिकायत कर सकते हैं।