बिलासपुर। तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग कर सरकारी आदेशों की फर्जी प्रतियां तैयार करने का मामला सामने आया है। बिलासपुर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने कलेक्टर के नाम और हस्ताक्षर वाला कथित फर्जी पत्र तैयार कर प्रसारित कर दिया। इस पत्र में देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के अवसर पर 20 नवंबर 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने का उल्लेख किया गया था। पत्र सामने आने के बाद सरकारी कार्यालयों से लेकर आम लोगों के बीच छुट्टी को लेकर भ्रम की स्थिति बनने लगी। हालांकि, जिला प्रशासन ने तत्काल इस पत्र को फर्जी करार देते हुए इसका खंडन किया है।
बिलासपुर में AI का बड़ा खेल! कलेक्टर के नाम से बना दिया फर्जी छुट्टी का आदेश, 20 नवंबर को अवकाश की ख — खबर से संबंधित तस्वीर 1

AI से तैयार किया गया फर्जी आदेश, कलेक्टर के हस्ताक्षर का भी इस्तेमाल

मामला जिला कार्यालय बिलासपुर के नाम से प्रसारित एक पत्र से जुड़ा है। कथित पत्र में 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने की बात लिखी गई थी। पत्र को इस तरह तैयार किया गया था कि पहली नजर में वह जिला प्रशासन का आधिकारिक आदेश प्रतीत हो। इसमें कलेक्टर के नाम और हस्ताक्षर का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पत्र AI तकनीक की मदद से तैयार किया गया था।

अतिरिक्त कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी ने किया खंडन

फर्जी पत्र की जानकारी सामने आने के बाद अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी शिवकुमार बनर्जी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जिला कार्यालय बिलासपुर द्वारा इस तरह का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 20 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित करने संबंधी प्रसारित पत्र पूरी तरह फर्जी है।

श्री बनर्जी ने बताया कि उक्त पत्र में पूर्व घोषित स्थानीय अवकाश के स्थान पर 20 नवंबर को छुट्टी घोषित किए जाने का उल्लेख किया गया है, जबकि जिला कार्यालय की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।

जांच और कार्रवाई के निर्देश, लोगों से भ्रमित नहीं होने की अपील

जिला प्रशासन ने फर्जी पत्र का खंडन करते हुए मामले की जांच और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों, शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से अपील की गई है कि इस पत्र को आधिकारिक आदेश न मानें और इसके आधार पर किसी तरह का भ्रम न पालें।

प्रशासन की इस अपील के बाद स्पष्ट है कि बिलासपुर जिले में 20 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित करने संबंधी वायरल पत्र के आधार पर छुट्टी नहीं मानी जा सकती।