बिलासपुर। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं देशभक्तिमय माहौल में मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान 13 प्लाटूनों ने अनुशासन, शौर्य और देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य परेड का प्रदर्शन किया।

मुख्य समारोह में नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों का सम्मान किया गया।

वहीं उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले 50 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान तिरंगा शपथ दिलाते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का रंग भर दिया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर कलेक्टोरेट तथा नए और पुराने कम्पोजिट बिल्डिंग परिसर में भी कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति अपने सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की। कलेक्टर ने परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्य समारोह में जनसंपर्क विभाग, बिलासपुर की सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती रचना मिश्रा को जनसंपर्क के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समाचार प्रेषण, मीडिया समन्वय, सफलता की कहानियों के प्रभावी प्रसार तथा सोशल मीडिया के बेहतर संचालन में उनके योगदान की सराहना की गई।

स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन ने बिलासपुर में देशभक्ति, शौर्य, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूती से सामने रखा। समारोह में मौजूद लोगों ने राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने और देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया।