जांजगीर-चांपा। उम्र 53 साल, मन में शादी की उम्मीद और मोबाइल पर मिला एक शादी का विज्ञापन! फिर शुरू हुआ बातचीत और भरोसे का सिलसिला, जिसका अंत लाखों रुपये की कथित ठगी के रूप में हुआ। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शादी कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 5 लाख 65 हजार 355 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मोबाइल पर शादी का विज्ञापन, फिर शुरू हुआ खेल!
मिली जानकारी के मुताबिक, नवागढ़ निवासी 53 वर्षीय व्यक्ति ने मोबाइल पर शादी से संबंधित विज्ञापन देखा था। इसके बाद कथित ठगों ने फर्जी पहचान के जरिए युवती बनकर उससे व्हाट्सऐप चैटिंग और फोन पर बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे शादी का भरोसा दिलाया गया और अलग-अलग बहानों से पैसे मांगे जाने लगे।
शादी की उम्मीद में व्यक्ति आरोपियों के झांसे में आता गया। आरोप है कि इस तरह उससे कुल 5,65,355 रुपये ऐंठ लिए गए। जब ठगी का पता चला, तब मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
चार महिलाएं समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने राजनांदगांव में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में चार महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

