रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मरीन ड्राइव स्थित Apple Store से करीब 2 करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 iPhone बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, चोरी की यह वारदात 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित iNext Innovation Pvt. Ltd. के Apple Store में हुई थी। आरोपियों ने दुकान का शटर उठाकर 173 iPhone सहित Apple Watch, हेडफोन और AirPods चोरी कर लिए थे। वारदात के दौरान दुकान में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए थे।

25 दिनों तक चली जांच, चार राज्यों में तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस ने छह विशेष टीमों का गठन किया था। जांच में 40 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने 250 किलोमीटर से अधिक के रूट पर 1,000 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और दिल्ली तक की।

जांच के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पुलिस के लिए अहम सुराग बनी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने वारदात में चोरी की बाइक का इस्तेमाल किया था। बाइक महाराष्ट्र के मौधा क्षेत्र में मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया गया और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।

मुंबई एयरपोर्ट के पास से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में राजेश सिंह झाला और सफान खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, राजेश झाला कथित तौर पर चोरी की वारदात में शामिल था, जबकि सफान खान चोरी के मोबाइल फोन को ठिकाने लगाने की भूमिका में था।

सफान खान को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि उसकी निशानदेही पर बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 iPhone बरामद किए गए।

दो आरोपी अब भी फरार

पुलिस के अनुसार, चोरी के मामले में राज झाला और राजेश लोधी नाम के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है। पुलिस शेष चोरी हुए मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की बरामदगी के लिए भी जांच कर रही है।

पुलिस ने गिरोह के अन्य संभावित मामलों और चोरी के सामान को दूसरे राज्यों या विदेश में भेजे जाने की आशंका की भी जांच शुरू की है।

रिपोर्ट: Johar News | रायपुर, छत्तीसगढ़