अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भाजपा नेता एवं छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के भतीजे अभिरत सिंहदेव के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महामाया रोड इलाके में कुछ युवकों ने उनकी स्कूटी रोककर पैसे मांगे और इनकार करने पर उन्हें घेरकर मारपीट की। पीड़ित ने जेब से करीब 2500 रुपये निकालने का भी आरोप लगाया है। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
जानकारी के मुताबिक घटना 7 सितंबर की शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के समलाया मंदिर के पास की बताई जा रही है। अभिरत सिंहदेव अपने दोस्त के साथ स्कूटी से महामाया पारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनकी स्कूटी रोक ली।
शिकायत के अनुसार, युवकों ने उनसे पैसों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। अभिरत ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान उनकी जेब से करीब 2500 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत करने पर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
CCTV में कैद हुई मारपीट
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में स्कूटी सवार युवक को कुछ लोग घेरते और उसके साथ झूमाझटकी करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद अभिरत किसी तरह स्कूटी लेकर मौके से निकलते नजर आते हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
कई धाराओं में FIR, आरोपियों की तलाश
मामले में कोतवाली पुलिस ने गोलू पठान, राज बंगाला सहित अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है और CCTV फुटेज समेत अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

